न्यूयॉर्क, 27 जुलाई (एपी) अमेरिका के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में रविवार को लगातार दूसरे दिन भी भीषण गर्मी और उमस का प्रकोप जारी रहा।
इस बीच, अमेरिका में चार करोड़ से अधिक लोग ऐसे क्षेत्रों में रह रहे हैं, जहां प्रशासन ने अत्यधिक गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की हुई है।
राष्ट्रीय मौसम सेवा (एनडब्ल्यूएस) के अनुसार, ‘हीट इंडेक्स’ (मानव शरीर को वास्तव में महसूस होने वाला तापमान) 38 डिग्री सेल्सियस से काफी ऊपर दर्ज किया गया। इसका प्रभाव मिनेसोटा से लेकर मिसिसिपी तक और पश्चिम में दक्षिणी कैलिफोर्निया तथा नेवादा तक रहा। दक्षिण-पश्चिमी अमेरिका के कुछ हिस्सों में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि यह भीषण गर्मी ‘हीट डोम’ के कारण पड़ रही है। इस स्थिति में उच्च वायुदाब किसी बड़े क्षेत्र के ऊपर एक गुंबद की तरह बन जाता है और गर्म हवा को बाहर निकलने नहीं देता। इससे तापमान बढ़ता जाता है और कई दिनों तक भीषण गर्मी बनी रहती है।
नेब्रास्का के ओमाहा में बेघर लोगों के लिए काम करने वाले संगठन ‘थ्रेशहोल्ड सीओसी’ के आउटरीच प्रबंधक पीट मिलर ने रविवार को पानी की बोतलें वितरित करते हुए कहा, ‘‘गर्मी असाधारण रूप से ज्यादा है। हम ऐसे बहुत से लोगों को देख रहे हैं जो गर्मी से पूरी तरह निढाल हो चुके हैं और यह स्थिति बेहद खतरनाक है।’’
एनडब्ल्यूएस के मौसम विज्ञानी बॉब ओरावेक ने कहा, ‘‘फिलहाल इस गर्मी का सबसे अधिक असर अमेरिका के मध्य हिस्से में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है। अगले सप्ताह की शुरुआत तक इसका मुख्य केंद्र दक्षिण की ओर खिसक जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि सप्ताह के मध्य तक मध्य अमेरिका के हिस्सों को गर्मी से कुछ अस्थायी राहत मिल सकती है, लेकिन सप्ताहांत तक तापमान फिर बढ़ने की संभावना है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बच्चे, बुजुर्ग और कुछ विशेष बीमारियों से पीड़ित लोगों को गर्म हवा के प्रकोप से बचने की जरूरत है। विशेषज्ञों ने लोगों को वातानुकूलित स्थानों या शीतलन केंद्रों (कूलिंग सेंटर) में रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचने की सलाह दी है।
एपी गोला शोभना
शोभना