वाशिंगटन, नौ मार्च (एपी) अमेरिकी सेना ने रविवार को कहा कि पूर्वी प्रशांत महासागर में कथित मादक पदार्थ तस्करी में शामिल एक नाव पर किए गए हमले में छह लोगों की मौत हो गई।
यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अमेरिकी प्रशासन के अभियान का हिस्सा बताई गई है।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार के इस हमले के साथ ही सितंबर की शुरुआत से छोटे जहाजों को निशाना बनाने के अभियान में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 157 हो गई है। ट्रंप प्रशासन इन लोगों को “नार्को-आतंकवादी” बताता रहा है।
अमेरिकी दक्षिणी कमान ने कहा कि पूर्वी प्रशांत महासागर और कैरेबियाई सागर में किए गए 40 से अधिक हमलों की तरह इस कार्रवाई में भी मादक पदार्थ तस्करों को उनके ज्ञात तस्करी मार्गों पर निशाना बनाया गया। हालांकि सेना ने यह सबूत नहीं दिया कि संबंधित नाव में वास्तव में मादक पदार्थ ले जाए जा रहे थे।
सेना ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें पानी में तैर रही एक छोटी नाव विस्फोट से उड़ती दिखाई दे रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका लातिन अमेरिका के मादक पदार्थ तस्करों के साथ “सशस्त्र संघर्ष” कर रहा है और अमेरिका में मादक पदार्थों की आपूर्ति रोकने के लिए ऐसे हमले जरूरी हैं। हालांकि प्रशासन ने कथित “नार्को-आतंकवादियों” के मारे जाने के अपने दावों के समर्थन में सीमित साक्ष्य ही प्रस्तुत किए हैं।
शनिवार को लातिन अमेरिकी नेताओं के साथ बैठक में ट्रंप ने उनसे भी मादक पदार्थ तस्करों और अंतरराष्ट्रीय गिरोहों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में अमेरिका का साथ देने का आग्रह किया।
इसी क्रम में पिछले सप्ताह इक्वाडोर और अमेरिका ने संगठित अपराध समूहों के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान चलाया।
एपी मनीषा राजकुमार
राजकुमार