किम की बेटी उनकी संभावित उत्तराधिकारी : दक्षिण कोरिया

किम की बेटी उनकी संभावित उत्तराधिकारी : दक्षिण कोरिया

किम की बेटी उनकी संभावित उत्तराधिकारी : दक्षिण कोरिया
Modified Date: September 10, 2026 / 04:40 pm IST
Published Date: September 10, 2026 4:40 pm IST

सोल, 10 सितंबर (एपी) दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा (एनआईएस) यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन का कोई बेटा भी है। हालांकि, एजेंसी का मानना है कि किम की किशोर उम्र की बेटी के उनका उत्तराधिकारी बनने की प्रबल संभावना है।

एनआईएस ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि अगर किम का कोई बेटा है भी तो वह उनका उत्तराधिकारी बनने की स्थिति में नहीं है। किम ने 2011 में अपने पिता किम जोंग इल के निधन के बाद उत्तर कोरिया की सरकार की बागडोर संभाली थी।

बयान में एनआईएस ने अपने पहले के अनुमान को दोहराते हुए कहा कि किम के बाद उत्तर कोरिया की सरकार की कमान संभवत: उनकी बेटी के हाथों में होगी, जिसका नाम किम जू-ए बताया जाता है और जो लगभग 13 साल की है।

एनआईएस ने कहा कि वह अब भी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या किम की बेटी का कोई बड़ा भाई है, लेकिन मौजूदा हालात में अगर वह है भी, तो भी अपने पिता का उत्तराधिकारी नहीं बन सकता।

एजेंसी ने कहा कि किम की एक और संतान भी है, लेकिन वह लड़का है या लड़की, फिलहाल इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

बयान में किम जू-ए की मजबूत राजनीतिक स्थिति के बारे में एनआईएस के आकलन का विस्तार से जिक्र नहीं किया गया है। हालांकि, इसमें किम जो-ए की पिछली सार्वजनिक गतिविधियों और उसे दिए जाने वाले सरकारी प्रोटोकॉल के विस्तृत विश्लेषण का हवाला देते हुए उसके किम का उत्तराधिकारी बनने की प्रबल संभावना जताई गई है।

पिछले तीन-चार वर्षों में किम की बेटी मिसाइल प्रक्षेपण और सैन्य परेड जैसे कई प्रमुख कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ शिरकत करती रही है। सरकारी मीडिया की खबर में भी कहा गया कि किम जो-ए अपने पिता की “सबसे लाड़ली” संतान है, जिसे “सबसे ज्यादा सम्मान” हासिल है। खबर में पिता-पुत्री की नजदीकी और किम जो-ए के बढ़ते राजनीतिक कद को दर्शाने वाले फुटेज और फोटो भी शामिल किए गए हैं।

हालांकि, कुछ जानकारों का कहना है कि उत्तर कोरिया के वरिष्ठ अधिकारी किसी महिला के नेतृत्व को स्वीकार करेंगे या नहीं, इसे लेकर संदेह है। उनका यह भी कहना ​​है कि जब किम जू-ए किसी दूसरे परिवार के पुरुष से शादी करेंगी और सत्ता अपने बच्चे को सौंपेंगी, तो इससे उनके परिवार के शासन का भी अंत हो जाएगा।

एपी पारुल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में