श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके ने महाशिवरात्रि पर बधाई दी
श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके ने महाशिवरात्रि पर बधाई दी
कोलंबो, 15 फरवरी (भाषा) श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे त्योहार समाज में सद्भाव और करुणा को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं।
राष्ट्रपति ने एक संदेश में कहा, ‘‘अज्ञान के अंधकार के दूर होने और ज्ञान के प्रकाश के प्रज्वलित होने की आशा के साथ, विश्व भर में हिंदुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक मनाया जाने वाला पवित्र त्योहार महाशिवरात्रि आज मनाया जा रहा है।’’
महाशिवरात्रि के दिन हिंदू श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा करते हैं। उन्होंने इस त्योहार को एक ‘‘शुभ अवसर’’ बताते हुए कहा कि यह ‘‘भगवान शिव और देवी पार्वती के दिव्य मिलन के साथ-साथ उस क्षण का स्मरण कराता है जब भगवान शिव अपना दिव्य नृत्य, तांडव करते हैं’’।
उन्होंने कहा कि इस तरह यह त्योहार दुनिया और मानव जीवन में ‘‘अज्ञानता के अंधकार’’ पर विजय का प्रतीक है।
दिसानायके ने कहा, ‘‘मेरा दृढ़ विश्वास है कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहार एक अनुशासित और करुणा से भरे समाज के निर्माण में बहुत महत्वपूर्ण हैं, जो सभी मानवीय बंधनों का सम्मान करते हों।’’
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि महाशिवरात्रि के दीपक हमारे दिलों को रोशन करते हैं, मैं सभी को आमंत्रित करता हूं कि हम सब मिलकर उस मार्ग को और स्पष्ट करें और उस पर आगे बढ़ें जिसे हमने चुना है।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना

Facebook


