गाजा में इजराइली हमले में परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत

गाजा में इजराइली हमले में परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत

गाजा में इजराइली हमले में परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत
Modified Date: June 23, 2026 / 10:32 am IST
Published Date: June 23, 2026 10:32 am IST

देर अल-बला (गाजा), 23 जून (एपी) गाजा शहर में सोमवार को परीक्षा देने जा रही 16 वर्षीय एक छात्रा की इजराइली हमले में मौत हो गई। छात्रा के रिश्तेदारों ने यह जानकारी दी।

रिश्तेदार जमील अशूर के अनुसार, रघद हसन अशूर 11वीं कक्षा की परीक्षा देने जा रही थी, तभी रिमाल इलाके की एक व्यस्त सड़क पर विस्फोट हो गया।

हालांकि, सेना ने कहा कि उसने हमले में हमास के एक लड़ाके को निशाना बनाया था, लेकिन उसे इस दावे की जानकारी है कि इस दौरान एक ऐसे व्यक्ति को नुकसान पहुंचा जो इसमें शामिल नहीं था।

फलस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार, अशूर का शव शिफा अस्पताल ले जाने के बाद उसकी मां सहित दर्जनों फ़लस्तीनी शोक जताने के लिए वहां पहुंचे। संगठन ने बताया कि इसी इलाके में हुए हमलों में तीन अन्य लोग घायल हो गए।

इजराइल ने अक्टूबर में हुए युद्धविराम समझौते के बावजूद गाजा में हमले जारी रखे हैं।

सेना का कहना है कि वह हमास और अन्य ऐसे लड़ाकों को निशाना बनाती है जो उसके लिए खतरा पैदा करते हैं और उसने समूह पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाया है, लेकिन इस दौरान नागरिकों की भी मौत हुई है।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले सप्ताह कहा कि युद्धविराम समझौते के बाद से गाजा पट्टी में इजराइली अभियानों में 1,000 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है।

वहीं, युद्धविराम के बाद से इजराइल के पांच सैनिक मारे गए हैं।

यह युद्ध तब शुरू हुआ जब हमास के नेतृत्व वाले लड़ाकों ने 7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजराइल में घुसकर लगभग 1,200 लोगों की हत्या कर दी और 251 लोगों को बंधक बना लिया।

एपी प्रचेता वैभव

वैभव


लेखक के बारे में