दुबई, 12 जुलाई (एपी) ईरान ने कहा कि उसकी सेना की ओर से चेतावनी के तौर पर चलायी गोली होर्मुज जलडमरूमध्य में अनधिकृत मार्ग का इस्तेमाल कर रहे एक जहाज को लगने के बाद यह महत्वपूर्ण जलमार्ग एक बार फिर बंद कर दिया गया है।
इस घटनाक्रम से अमेरिका के साथ पहले से ही नाजुक स्थिति में हुए युद्धविराम समझौते पर और खतरा मंडराने लगा है।
‘यूएस सेंट्रल कमांड’ (सेंटकॉम) ने कुछ ही देर बाद कहा कि उसकी सेनाओं ने ईरान के खिलाफ तीसरे दौर के हमले शुरू कर दिए हैं। ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, जलडमरूमध्य के तट पर स्थित बंदर अब्बास और सिरिक शहरों में विस्फोट हुए।
अमेरिकी सेना ने कहा, ‘‘अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से स्वतंत्र रूप से गुजरने वाले असैन्य नाविकों और वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने की ईरान की क्षमता को लगातार कमजोर कर उसे भारी कीमत चुकाने पर मजबूर कर रहा है।’’
सेंटकॉम ने कहा कि साइप्रस के ध्वज वाले एक कंटेनर जहाज को ईरान ने निशाना बनाया जिससे उसके ‘‘इंजन कक्ष को काफी नुकसान’’ पहुंचा और चालक दल का एक असैन्य सदस्य लापता है।
अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने इससे पहले वाशिंगटन में कहा था कि पिछले महीने युद्ध समाप्त करने के लिए हुए समझौते को और मजबूत करने के मकसद से बातचीत तब तक आगे नहीं बढ़ सकती, जब तक होर्मुज जलडमरूमध्य सुरक्षित नहीं हो जाता। अधिकारियों ने यहां तक कहा था कि वे चाहते हैं कि ईरान इस संबंध में सार्वजनिक रूप से आश्वासन दे।
इसके बजाय ईरान के अर्द्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा कि कई जहाजों ने ‘‘मार्ग बदलने और स्वीकृत रास्ते से आगे बढ़ने संबंधी हमारी चेतावनियों और निर्देशों की अनदेखी की।’’
उसने कहा कि इनमें से एक जहाज ‘‘चेतावनी के तौर पर चलाई गई गोली की चपेट में आ गया और उसे रोक दिया गया।’’
ईरान ने कहा कि जलडमरूमध्य ‘‘अगली सूचना तक’’ बंद रहेगा। उसने यह भी कहा कि यदि उस पर और हमले किए गए तो वह ‘‘क्षेत्र में दुश्मन के अतिरिक्त ठिकानों’’ को निशाना बनाने पर विचार करेगा।
इसके करीब एक घंटे बाद अमेरिका ने ईरान पर फिर हमलों की घोषणा कर दी।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘ईरान ने गलत विकल्प चुना। अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।’’
दोनों पक्षों की ओर से ताजा हमले शनिवार को ईरान और ओमान के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद हुए। दोनों देशों के बीच स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर यह बैठक ऐसे समय हुई, जब कई दिनों से ईरान जहाजों पर हमले कर रहा है और अमेरिका जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इन घटनाओं से युद्ध समाप्त करने के अंतरिम समझौते को झटका लगा है।
एपी गोला सिम्मी
सिम्मी