काठमांडू, 19 मार्च (भाषा) नेपाल में हाल ही में हुए आम चुनावों में मिली करारी हार के बाद नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा ने पद से इस्तीफा दे दिया।
बृहस्पतिवार को मीडिया में जारी एक खबर में यह जानकारी सामने आई।
देश में पांच मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा चुनावों में 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा का चुनाव हुआ था।
नेपाली कांग्रेस (एनसी) को चुनावों में 38 सीट मिलीं जबकि उसका नारा था, ‘इस बार 100 पार’। पार्टी ने 49 वर्षीय थापा को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था लेकिन वह धनुषा-4 निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अमरेश सिंह से हार गए।
काठमांडू पोस्ट अखबार के अनुसार, पार्टी की केंद्रीय कार्य समिति की बैठक की तारीख तय होने के तुरंत बाद थापा ने राष्ट्रीय संसद के उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
अखबार में प्रकाशित खबर में यह भी बताया गया कि पार्टी ने थापा के इस्तीफे को सार्वजनिक नहीं किया है।
अखबार में पार्टी के एक पदाधिकारी के हवाले से बताया गया, “20 मार्च को केंद्रीय कार्य समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें अध्यक्ष के इस्तीफे पर औपचारिक रूप से चर्चा की जाएगी।”
पदाधिकारी ने बताया, “लेकिन इस्तीफा स्वीकार करना है या नहीं, यह तय करना केंद्रीय कार्य समिति का विशेषाधिकार है।’’
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश