सिंगापुर में जुबिन गर्ग के डूबने की घटना ने पोत संचालकों की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़े किए

सिंगापुर में जुबिन गर्ग के डूबने की घटना ने पोत संचालकों की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़े किए

सिंगापुर में जुबिन गर्ग के डूबने की घटना ने पोत संचालकों की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़े किए
Modified Date: May 2, 2026 / 09:23 am IST
Published Date: May 2, 2026 9:23 am IST

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, दो मई (भाषा) भारतीय गायक जुबिन गर्ग की मौत की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पोत संचालकों की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया है और नशे में होने के बावजूद लोगों को यात्रा की अनुमति दिए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। वकीलों के हवाले से दी गई एक अखबार की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है।

रिपोर्ट में सिंगापुर की विधि कंपनी ‘ट्रायंगल लीगल’ के प्रबंध निदेशक निको ली समेत कई वकीलों का हवाला दिया गया है। ली ने सिंगापुर के समुद्री एवं बंदरगाह प्राधिकरण के नियमों का हवाला देते हुए बताया कि इनमें उन लोगों को यात्रा की अनुमति न देने के स्पष्ट प्रावधान हैं जो नशे में हों।

‘स्ट्रेट्स टाइम्स’ ने ली के हवाले से कहा कि पोत के मालिक, एजेंट या कप्तान को किसी भी ऐसे व्यक्ति को जहाज पर चढ़ने की अनुमति नहीं देनी चाहिए जो नशे में हो-खासतौर पर तब, जब उसकी यह स्थिति पोत, चालक दल या अन्य यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हो।

असम के लोकप्रिय गायक गर्ग (52) 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में लाजारूस द्वीप के पास समुद्र में तैरते समय डूब गए थे।

ली ने गर्ग के मामले का हवाला देते हुए कहा कि परिस्थितियां गंभीर थीं, क्योंकि पोत के संचालक को पता था कि गर्ग नशे में थे। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि गायक उस समय यात्रियों को दी जाने वाली सुरक्षा संबंधी जानकारी को ठीक से समझने की हालत में ही नहीं हों।

विधि कंपनी ‘क्लिफर्ड लॉ एलएलपी’ की वेनेसा संधू ने कहा, ‘‘पोत के कप्तान और संचालकों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए उचित सावधानी बरतने की जिम्मेदारी होती है। पोत पर मौजूदगी के दौरान तैराकी या जलक्रीड़ा जैसी गतिविधियां करते समय यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कप्तान एवं संचालकों की होती है। इसके तहत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना और सुरक्षा से जुड़े उचित निर्देश देना शामिल हो सकता है।’’

भाषा

खारी सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में