अमेरिका: सैन डिएगो की मस्जिद में गोलीबारी में तीन की मौत, हमलावरों ने खुद को भी मारी गोली

अमेरिका: सैन डिएगो की मस्जिद में गोलीबारी में तीन की मौत, हमलावरों ने खुद को भी मारी गोली

अमेरिका: सैन डिएगो की मस्जिद में गोलीबारी में तीन की मौत, हमलावरों ने खुद को भी मारी गोली
Modified Date: May 19, 2026 / 08:54 am IST
Published Date: May 19, 2026 8:54 am IST

सैन डिएगो (अमेरिका), 19 मई (एपी) अमेरिका के सैन डिएगो में स्थित एक मस्जिद में दो किशोरों ने सोमवार को गोलीबारी की जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इसके बाद मस्जिद से कुछ दूर जाकर हमलावरों ने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सैन डिएगो पुलिस प्रमुख स्कॉट वॉल ने मस्जिद के पास स्थित एक पार्क में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सैन डिएगो इस्लामिक सेंटर पर हुए इस हमले की घटना की जांच घृणा अपराध के रूप में की जा रही है।

वॉल ने बाद में कहा कि अधिकारियों ने दिन में दो किशोरों में से एक की मां से बात की थी जिसने सुबह लगभग 9:40 बजे पुलिस से संपर्क करके बताया था कि उनका बेटा अपने वाहन के साथ लापता है और उसके पास कई हथियार भी हैं।

वॉल ने कहा, ‘‘हम हमलावर की मां से मिली जानकारी की सहायता से घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं और जितनी जल्दी हो सके इसे सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से यह घृणा अपराध का मामला है और इसी पहलू से इसकी जांच होगी।

वॉल ने कहा कि जिस किशोर की मां ने उनसे संपर्क किया था वह मैडिसन हाई स्कूल में पढ़ता था जो इस्लामिक सेंटर से करीब एक मील दूर है।

पुलिस ने किशोरों के नाम जारी नहीं किए हैं।

वॉल ने कहा कि मरने वालों में मस्जिद का सुरक्षा गार्ड भी शामिल है। पुलिस का मानना है कि सुरक्षा गार्ड ने इस दौरान ‘‘महत्वपूर्ण भूमिका’’ निभाई और स्थिति को ‘‘बिगड़ने से रोका’’।

वॉल ने कहा, ‘‘यह कहना उचित होगा कि सुरक्षा गार्ड ने एक नायक की तरह कार्य किया। निस्संदेह उन्होंने आज कई लोगों की जान बचाई।’’

सैन डिएगो इस्लामिक सेंटर की वेबसाइट के अनुसार, यह सैन डिएगो काउंटी में सबसे बड़ी मस्जिद है और यहां अल राशिद स्कूल भी है जहां पांच साल और उससे अधिक उम्र के छात्रों को अरबी भाषा, इस्लामिक अध्ययन और कुरान की शिक्षा दी जाती है।

वॉल ने कहा, ‘‘हमले में सभी बच्चे सुरक्षित हैं।’’

वॉल ने बताया कि सूचना मिलने के चार मिनट के भीतर ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उनके पहुंचते ही कुछ ही दूरी पर गोलियों की आवाज सुनाई दी जहां एक माली को गोली लगी थी लेकिन वह बाल-बाल बच गया। उन्होंने बताया कि हमलावर पास ही सड़क के बीचोंबीच खड़ी एक गाड़ी में मृत पाए गए।

मस्जिद के निदेशक इमाम ताहा हसन ने कहा कि पूजा स्थल को निशाना बनाना बेहद निंदनीय कृत्य है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे खूबसूरत शहर के सभी पूजा स्थलों की हमेशा रक्षा की जानी चाहिए।’’

एपी सुरभि शोभना

शोभना


लेखक के बारे में