जर्मनी में भीषण तूफान से एक महिला की मौत, दो घायल
जर्मनी में भीषण तूफान से एक महिला की मौत, दो घायल
बर्लिन, 20 अगस्त (एपी) जर्मनी के कई हिस्सों में रातभर आए तेज तूफान से भारी नुकसान हुआ, एक महिला की मौत हो गई और कम से कम दो अन्य लोग घायल हो गए।
जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए ने बृहस्पतिवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिमी राज्य राइनलैंड-पैलेटिनेट के वाल्डोर्फ में एक महिला पर पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 58 और 47 वर्षीय दोनों महिलाएं साथ चल रही थीं, तभी तूफान आ गया। तूफान से बचने के लिए दोनों ने एक स्थान पर शरण ली। इसी दौरान एक पेड़ उखड़कर उसी स्थान पर गिर गया और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 58 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 47 वर्षीय महिला को अस्पताल ले जाया गया।
डीपीए के अनुसार, बर्लिन से 78 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित फुर्स्टेनवाल्डे में बवंडर आया। इससे कई इमारतों की छतें उड़ गईं और पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया।
पश्चिमी जर्मनी के वेस्टरवाल्ड जिले के होर-ग्रेंजहाउजेन में भी तूफान ने इमारतों को नुकसान पहुंचाया, जिससे उनकी दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
हेसे, थ्यूरिंगिया और बवेरिया में भी रातभर खराब मौसम के कारण मदद के लिए बड़ी संख्या में आपातकालीन फोन आए। कई गांवों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
एपी प्रचेता मनीषा
मनीषा

Facebook


