अमेरिका-ईरान वार्ता पर अनिश्चितता के बीच इस्लामाबाद में यातायात ठप
अमेरिका-ईरान वार्ता पर अनिश्चितता के बीच इस्लामाबाद में यातायात ठप
इस्लामाबाद, 24 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को भी यातायात ठप रहा, क्योंकि अधिकारी शांति वार्ता के लिए अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेताओं के संभावित दौरे का इंतजार कर रहे हैं। प्रमुख मुद्दों पर मतभेदों के कारण वार्ता रुकी हुई है।
इस्लामाबाद और रावलपिंडी के प्रशासन ने रविवार को अति विशिष्ट लोगों के आवागमन वाले क्षेत्रों में सभी प्रमुख सड़कों और बाजारों को बंद कर दिया था, क्योंकि संकेत मिल रहे थे कि बातचीत किसी भी दिन शुरू हो सकती है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
हालांकि, सप्ताह समाप्त होने के बावजूद नेताओं के आगमन का कोई कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। अनिश्चितता के कारण, जिला प्रशासन ने अभी तक नूर खान एयरबेस के आसपास के क्षेत्रों को फिर से खोलने और मेट्रो बस, इलेक्ट्रिक बस सेवाओं और माल परिवहन को फिर से शुरू करने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है।
पुराने हवाई अड्डे के आसपास की सड़कें, संपर्क मार्ग, बाजार और बैंक पिछले पांच दिनों से लगातार बंद हैं, जिसके कारण शाह फैसल कॉलोनी, खालिद कॉलोनी, गुलजार-ए-कायद, फजल टाउन और अन्य क्षेत्रों के निवासी अपने घरों में ही हैं।
रावलपिंडी और इस्लामाबाद के बीच मेट्रो बस सेवा और सात मार्गों पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें निलंबित हैं जबकि माल परिवहन 19 अप्रैल से रुका हुआ है, जिससे जनता को असुविधा हो रही है।
रेड ज़ोन अब भी बंद है, और इस क्षेत्र में स्थित कार्यालयों के कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं।
वार्ता शुरू होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पाकिस्तानी अधिकारी राजनयिक प्रयास जारी रखे हुए हैं और दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने की उम्मीद बनाए हुए हैं।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


