इडाहो में ‘एयर शो’ के दौरान नौसेना के दो विमान टकराए, चालक दल के सभी चार सदस्य सुरक्षित
इडाहो में ‘एयर शो’ के दौरान नौसेना के दो विमान टकराए, चालक दल के सभी चार सदस्य सुरक्षित
बोइस (अमेरिका), 18 मई (एपी) अमेरिका के इडाहो के माउंटेन होम वायु सेना अड्डे पर रविवार को एक एयर शो के दौरान नौसेना के दो विमान टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हालांकि चालक दल के सभी चार सदस्य पैराशूट के जरिये निकलने में सफल रहे और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी प्रशांत बेड़े की नौसेना वायु सेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने बताया कि यह टक्कर वाशिंगटन के व्हिडबे द्वीप में ‘इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129’ के दो यूएस नेवी ईए18-जी ग्रोवलर विमानों के बीच हुई।
उमयम ने एक बयान में कहा कि विमान हवाई प्रदर्शन कर रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि दोनों विमानों के चारों चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए, दुर्घटना की जांच की जा रही है।
वायुसेना के अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि चालक दल के सदस्यों की हालत स्थिर है।
‘सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो’ की मार्केटिंग निदेशक किम साइक्स ने बताया कि वायु सेना अड्डे पर किसी को चोट नहीं आई है। उनकी कंपनी ने ही इस एयर शो की योजना बनाने में मदद की थी।
साइक्स ने कहा, ‘‘सभी सुरक्षित हैं और मुझे लगता है कि यही सबसे महत्वपूर्ण बात है।’’
सैन्य हवाई अड्डे की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा गया कि दुर्घटना के तुरंत बाद सैन्य अड्डे को सील कर दिया गया। एयर शो का शेष भाग रद्द कर दिया गया।
दर्शकों द्वारा ऑनलाइन पोस्ट किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि बोइस से लगभग 80 किलोमीटर दक्षिण में स्थित सैन्य अड्डे के पास विमान के गिरने के दौरान आसमान में चार पैराशूट खुलते दिखे।
ईए-18जी ग्रोवलर, एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट लड़ाकू विमान का एक प्रकार है जिसमें अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली लगी है।
शेन ओग्डेन ने बताया कि जब दोनों विमान एक-दूसरे के करीब आए तो वह उनका वीडियो बना रहे थे। उनके द्वारा बनाए गए वीडियो में दिखाया गया है कि दोनों विमान आपस में टकराते हैं और फिर एक साथ घूमते हैं, इस दौरान चालक दल के सदस्य झटके के साथ निकलते हैं और उनके पैराशूट खुल जाते हैं।
इसके बाद विमान एक साथ नीचे गिरते हैं और टकराते ही आग के गोले में तब्दील हो जाते हैं, जबकि चालक दल के सदस्य पास ही जमीन पर सुरक्षित उतरते हैं।
यह उल्लेखनीय बात है कि दोनों विमानों के चालक दल के सदस्य अपने-अपने विमानों से बाहर निकलने में सफल रहे। विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जेफ गुजेटी ने कहा कि विमानों की टक्कर के तरीके और धरती पर गिरने से पहले हवा में एक साथ चिपके रहने के कारण ऐसा संभव हो पाया होगा। उन्होंने कहा कि आमतौर पर हवा में टक्कर होने पर चालक दल को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाता।
गुजेटी ने कहा, “मुझे लगता है कि यह पायलट की गलती है। ऐसा नहीं लगता कि यह कोई यांत्रिक खराबी थी।’’ उन्होंने कहा कि ‘फॉर्मेशन फ्लाइट’ में दूसरे विमान से मिलना चुनौतीपूर्ण होता है और इस तरह की घटना से बचने के लिए इसे बिल्कुल सही तरीके से करना जरूरी है।’’
विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जॉन कॉक्स (सुरक्षा परिचालन प्रणाली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी) ने कहा कि एयर शो में प्रदर्शन करने वाले पायलट सर्वश्रेष्ठ पायलट में शुमार हैं, गलती करने की गुंजाइश कम है।
भाषा संतोष माधव
माधव

Facebook


