पूर्वी मोर्चे पर युद्ध के मंडराते बादलों के मद्देनजर यूक्रेन ने हथियारों की आपूर्ति की अपील की

पूर्वी मोर्चे पर युद्ध के मंडराते बादलों के मद्देनजर यूक्रेन ने हथियारों की आपूर्ति की अपील की

पूर्वी मोर्चे पर युद्ध के मंडराते बादलों के मद्देनजर यूक्रेन ने हथियारों की आपूर्ति की अपील की
Modified Date: November 29, 2022 / 08:13 pm IST
Published Date: April 7, 2022 10:22 pm IST

कीव, सात अप्रैल (एपी) यूक्रेन ने देश के पूर्वी क्षेत्र में युद्ध के मंडराते बादलों के मद्देनजर इस क्षेत्र के निवासियों को वहां से निकल जाने की सलाह दी है और पश्चिमी देशों से बृहस्पतिवार को एक बार फिर हथियारों की आपूर्ति की अपील की।

रूसी सेना तबाह कीव के बाहरी हिस्से से निकल गई है और वह देश के पूर्वी इलाके में हमले के लिए फिर से तैयारी कर रही है।

रूस छह सप्ताह पहले किये गये आक्रमण की पृष्ठभूमि में यूक्रेन की राजधानी पर तुरंत कब्जा कर पाने और यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने में विफल रही है। पश्चिमी देशों की मानें तो रूस का ध्यान अब पूर्वी यूक्रेन के डोनबास पर है, जहां ज्यादातर लोग रूसी भाषा बोलते हैं।

ब्रसेल्स में यूक्रेन के विदेश मंत्री दमित्री कुलेबा ने नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) से अपील की है कि यूक्रेन को आगे आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक हथियारों की जरूरत है।

कुलेबा ने नाटो के मुख्यालय में कहा, ‘‘मेरा एजेंडा बहुत ही सामान्य है …यह है हथियार, हथियार और केवल हथियार। जितना अधिक हम हथियार हासिल करेंगे और जितनी जल्दी हमें इसकी आपूर्ति की जाती है उतनी ही अधिक हम जान बचा सकते हैं।’’

पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को पोर्टेबल टैंक-रोधी और विमान-रोधी हथियार उपलब्ध कराये हैं, लेकिन उन्होंने लड़ाकू विमानों की आपूर्ति या अन्य उपयोगी हथियार नहीं उपलब्ध कराये हैं।

रूस ने एक सप्ताह से अधिक पहले घोषणा की थी कि वह अपना ध्यान यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में केंद्रित करेगा और अधिकतर रूसी सैनिक कीव और यूक्रेन के उत्तरी हिस्से से हटा लिये जाएंगे।

यूक्रेन की उपप्रधानमंत्री इरिना वेरेशचुक ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवलिंब सुरक्षित स्थान तक चले जाएं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और रूसी अधिकारी नागरिकों के सुरक्षित निकलने के लिए बृहस्पतिवार को 10 मार्ग निर्धारित करने पर सहमत हुए हैं।

एपी सुरेश नरेश

नरेश


लेखक के बारे में