यूक्रेन ने क्रीमिया में रेलवे पुल पर हमला करने का दावा किया

यूक्रेन ने क्रीमिया में रेलवे पुल पर हमला करने का दावा किया

यूक्रेन ने क्रीमिया में रेलवे पुल पर हमला करने का दावा किया
Modified Date: June 23, 2026 / 09:05 pm IST
Published Date: June 23, 2026 9:05 pm IST

कीव, 23 जून (एपी) यूक्रेन ने मंगलवार को दावा किया कि उसकी सेना ने क्रीमिया में एक रेलवे पुल, एक बिजली संयंत्र और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा प्रतिष्ठानों पर हमला किया है।

कीव के सैन्य अधिकारी 4 साल से जारी इस युद्ध के नये चरण में रूस के कब्ज़े वाले इस अहम प्रायद्वीप को अलग-थलग करने की कोशिश कर रहे हैं।

यूक्रेन के ड्रोन हमलों ने काला सागर स्थित क्रीमिया प्रायद्वीप की समस्याओं को और बढ़ा दिया है। यूक्रेन द्वारा आपूर्ति मार्गों और बिजली तंत्र को बाधित करने के लिए हाल के दिनों में अभियान तेज किए जाने के कारण रूसी प्रशासन को आम नागरिकों के लिए पेट्रोल की बिक्री अस्थायी रूप से रोकनी करनी पड़ी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब ग्रीष्मकालीन पर्यटन मौसम अपने चरम पर है और क्रीमिया में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी हुई है।

क्रीमिया पर 2014 में रूस ने बलपूर्वक नियंत्रण स्थापित किया था और बाद में उसका विलय कर लिया था।

पश्चिमी विश्लेषकों और अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन के लंबी दूरी के हमलों ने रूस को गंभीर क्षति पहुंचाने की उसकी क्षमता को रेखांकित किया है और क्रेमलिन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ाया है, जबकि हाल के समय में रूस की सैन्य बढ़त लगभग ठहराव की स्थिति में पहुंच गई है।

यूक्रेन के रक्षा मंत्री मिखाइलो फेडोरोव ने पिछले हफ़्ते कहा था कि उनकी सेनाएं ‘ड्रोन के जरिए क्रीमिया को अलग-थलग कर रही हैं।’

फेडोरोव ने एक ब्लॉगर के यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि जल्द ही क्रीमिया एक द्वीप बन जाएगा। इससे रूसियों के लिए बहुत ही अप्रत्याशित नतीजे सामने आ सकते हैं।’’

इस महीने यूक्रेन ने मॉस्को में क्रेमलिन के पास और रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग में भी ठिकानों पर हमले किए हैं।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसके ड्रोन हमलों ने क्रीमिया में कई महत्वपूर्ण ऊर्जा और परिवहन प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है, जिनमें पूर्वी क्रीमिया स्थित केर्च ताप विद्युत संयंत्र का तेल भंडारण केंद्र, पश्चिमी क्षेत्र का एक विद्युत उपकेंद्र तथा प्रायद्वीप के दूसरे सबसे बड़े शहर सिम्फेरोपोल में तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) वितरण केंद्र शामिल हैं।

यूक्रेन के विशेष अभियान बलों ने यह भी दावा किया कि उनकी इकाइयों ने क्रीमिया के प्रतिरोध आंदोलन के सहयोग से रोजदोल्ने गांव के निकट उत्तरी क्रीमिया नहर पर बने एक रेलवे पुल को नष्ट कर दिया।

यूक्रेनी सेना ने इस पुल को दक्षिणी यूक्रेन में तैनात रूसी सैनिकों को रसद आपूर्ति पहुंचाने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग बताया। सेना के अनुसार, रविवार देर रात से सोमवार के बीच ड्रोन हमलों में पुल का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। इसके बाद मंगलवार तड़के किए गए दूसरे हमले में पुल की मरम्मत के लिए तैनात रेलवे उपकरणों और संरचना के शेष हिस्सों को निशाना बनाया गया।

हालांकि, यूक्रेन के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस बीच, क्रीमिया के कुछ हिस्सों में मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित रही। क्षेत्र की ऊर्जा आपूर्ति कंपनी ने कहा कि बिजली कटौती स्थानीय विद्युत ग्रिड में ‘‘तकनीकी खराबी’’ के कारण हुई और अगले 24 घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल किए जाने की उम्मीद है।

यूक्रेन के मध्यम दूरी के ड्रोन रूस की आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित कर रहे हैं, जबकि लंबी दूरी के हमले रूस की तेल अवसंरचना को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जो युद्ध प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण राजस्व का स्रोत है।

यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि वर्ष की शुरुआत से अब तक उसकी सेनाओं ने ड्रोन के जरिए दुश्मन के 8 लाख से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है। मंत्रालय के अनुसार, सशस्त्र बलों द्वारा उपयोग किए जा रहे 95 प्रतिशत ड्रोन घरेलू स्तर पर निर्मित हैं।

इन सफलताओं से यूक्रेन का आत्मविश्वास बढ़ा है। राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि रूस को रोकने के लिए आवश्यक विदेशी समर्थन लगातार मिलता रहेगा।

यूक्रेन के संयुक्त राष्ट्र राजदूत आंद्री मेलनिक ने सोमवार को कहा कि कीव, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के आधार पर रूस के साथ ‘न्यायपूर्ण और स्थायी शांति’ के लिए सीधी बातचीत करने को तैयार है, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि समझौता करने की यूक्रेन की इच्छा हमेशा के लिए नहीं है।

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मंगलवार को कहा कि क्रेमलिन अपने पड़ोसी और सहयोगी बेलारूस की ‘सुरक्षा सुनिश्चित करने’ के लिए तैयार है।

एपी अमित माधव

माधव


लेखक के बारे में