यू्क्रेनी अधिकारी ने कब्जा किये गये शहर में तबाही की चेतावनी दी
यू्क्रेनी अधिकारी ने कब्जा किये गये शहर में तबाही की चेतावनी दी
कीव (यूक्रेन), आठ जुलाई (एपी) यूक्रेन के एक क्षेत्रीय अधिकारी ने आगाह किया है कि दो सप्ताह पहले रूसी सैन्यबलों के कब्जे में गये सीवियरोडोनेटस्क शहर में बिजली, पानी एवं जलमल निकास प्रणाली जैसी सुविधाएं नहीं हैं तथा मकानों में शव सड़ रहे हैं।
गवर्नर सेरही हैदई ने कहा कि रूस यूक्रेन के पूर्वी लुहांस्क प्रांत में अपनी बढ़त को सुरक्षित रखने के प्रयास में शहर पर अंधाधुंध गोलाबारी कर रहा है। रूस ने इस सप्ताह लुहांस्क पर पूर्ण नियंत्रण कायम करने का दावा किया था लेकिन गवर्नर एवं अन्य यू्क्रेनी अधिकारियों ने कहा कि उनके सैनिक प्रांत के कुछ हिस्सों को अब भी अपने कब्जे में बनाये हुए हैं।
हैदई ने कहा , ‘‘लुहांस्क पर पूरी तरह रूसियों का कब्जा नहीं हुआ है जबकि उन्होंने अपने सारे हथियार लगा दिये हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ इस क्षेत्र की सीमा पर कई गांवों में भीषण संघर्ष चल रहा है। रूसी आगे बढ़ने के लिए टैंकों एवं तोपों पर भरोसा कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि रूसी सैन्यबल ‘हर उस भवन पर हमला कर रहे हैं जिनके बारे में उन्हें किलेबंद जैसी स्थिति होने का अंदेशा है।’’
गवर्नर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सीवियरोडोनेटस्क ‘‘ एक मानवीय त्रासदी के कगार पर है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ रूसियों ने सभी अहम अवसंरचनाओं को नष्ट कर दिया है और वे उनकी मरम्मत नहीं करा पा रहे हैं।’’
हैदई ने पिछले सप्ताह कहा था कि शहर में करीब 8000 लोग बच गए हैं जबकि युद्ध प्रारंभ होने से पहले वहां करीब 1,00,000 लेाग थे।
एपी राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


