अमेरिका और ईरान के बीच मंगलवार को दोहा में बातचीत होगी : ट्रंप
अमेरिका और ईरान के बीच मंगलवार को दोहा में बातचीत होगी : ट्रंप
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 29 जून (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर मंगलवार को दोहा में ईरानी वार्ताकारों के साथ बातचीत करेंगे। यह वार्ता दोनों पक्षों की ओर से बीते सप्ताहांत एक-दूसरे के खिलाफ की गई गोलाबारी के बाद होगी।
गोलाबारी की इस घटना के बाद, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध-विराम समझौता एक बार फिर सवालों के घेरा में आ गया है।
ट्रंप ने सोमवार को ‘ट्रथु सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान ने बैठक का अनुरोध किया है, जो मंगलवार को दोहा में होगी। हालांकि, उन्होंने बैठक के एजेंडे के बारे में कोई विवरण नहीं दिया।
व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आवास एवं कार्यालय) की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने समाचार चैनल ‘फॉक्स न्यूज’ को बताया कि विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर इस सप्ताह दोहा की यात्रा करेंगे, ताकि दोनों पक्षों की ओर से पिछले दिनों हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन पर चर्चा की जा सके।
लेविट ने कहा, “जहां तक हमारा सवाल है, हम युद्ध-विराम का पालन कर रहे हैं। हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि ईरान ने वाणिज्यिक जहाजों पर हमला किया और अमेरिका ने राष्ट्रपति के निर्देशानुसार जवाबी कार्रवाई की।
बीते सप्ताहांत में अमेरिकी सेना ने ईरानी ठिकानों पर हवाई हमले किए। उसने कहा कि ये हमले तेहरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर किए गए हमलों के जवाब में किए गए थे, जो कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति के पांचवें हिस्से के परिवहन के लिए महत्वपूर्ण जलमार्ग है।
वहीं, ईरान ने कहा कि उसने रविवार को बहरीन और कुवैत को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले किए।
एक अमेरिकी अधिकारी ने रविवार को स्थानीय मीडिया से कहा कि “दोनों पक्ष फिलहाल एक-दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेंगे और जहाज स्वतंत्र रूप से आवागमन कर सकते हैं।”
भाषा पारुल सुभाष
सुभाष
सुभाष

Facebook


