ईरान की ‘महान एयर’ के भारत स्थित बिक्री एजेंट समेत कई संस्थाओं पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंध
ईरान की ‘महान एयर’ के भारत स्थित बिक्री एजेंट समेत कई संस्थाओं पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंध
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 31 जुलाई (भाषा) अमेरिका ने ईरान की विमानन कंपनी ‘महान एयर’ का समर्थन करने के आरोप में भारत स्थित ‘स्काइज ट्रैवल्स’ समेत छह संस्थाओं और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाए हैं।
अमेरिका ने आरोप लगाया कि इन संस्थाओं और व्यक्तियों ने एक आतंकवादी संगठन को बनाए रखने में मदद की।
अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने महान एयर के सामान्य बिक्री एजेंट के रूप में काम करने वाली कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। इन कंपनियों पर ईरान के इस्लामिक ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (आईआरजीसी) की मदद करने का आरोप है।
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक बयान में कहा, ‘‘जो आईआरजीसी या महान एयर को वित्तीय सेवाएं, रसद या व्यावसायिक सहायता उपलब्ध कराते हैं, वे एक आतंकवादी संगठन को बनाए रखने में मदद कर रहे हैं।’’
बेसेंट ने कहा कि वित्त मंत्रालय ऐसे लोगों एवं संस्थानों की पहचान करना, उन्हें उजागर करना और उन्हें अमेरिकी वित्तीय प्रणाली से बाहर करना जारी रखेगा।
‘स्काइज ट्रैवल्स एंड लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड’ के श्रीनगर और दिल्ली में कार्यालय हैं।
कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि उसने 2020 में महान एयरवेज के सामान्य बिक्री एजेंट के रूप में काम करना शुरू किया था।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने कहा कि महान एयर स्वयं को एक असैन्य विमानन कंपनी के रूप में पेश करती है लेकिन वह इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की लंबे समय से मदद करती रही है।
मंत्रालय के अनुसार, विमानन कंपनी ने आईआरजीसी की कुद्स फोर्स के कर्मियों की यात्रा की व्यवस्था करने, सैन्य प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने तथा मानवरहित हवाई वाहन प्रणालियों और हथियारों की आवाजाही में मदद की।
महान एयर के अन्य सामान्य बिक्री एजेंट में चीन स्थित शंघाई विंग्स इंटरनेशनल लॉजिस्टिक्स कंपनी शामिल है जिसने ‘‘चीन से ईरान तक इलेक्ट्रॉनिक सामान पहुंचाने में समन्वय किया।’’ इसके अलावा रूस स्थित एयर कार्गो प्रो लिमिटेड और शंघाई एलीट इंटरनेशनल ट्रैवल कंपनी भी उसके बिक्री एजेंट हैं।
बयान में कहा कि चीन की तांग शिन, शंघाई विंग्स की प्रबंध निदेशक हैं और उन्होंने महान एयर के लिए यात्राओं का समन्वय किया है। तांग शिन, शंघाई एलीट की कार्यकारी निदेशक भी हैं और कंपनी में उनकी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह कंपनी भी चीन में महान एयर का प्रतिनिधित्व करती है।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़ी मुखौटा कंपनी ‘दादेनेगर स्टार्टअप स्टूडियो’ को भी प्रतिबंधित इकाइयों की सूची में डाल दिया है। उसने कहा कि यह कंपनी एक वेबसाइट के जरिये सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने में मदद करती थी।
भाषा
सिम्मी गोला
गोला

Facebook


