अमेरिका ने पांच दिन के लिए टाले ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमले, होर्मुज के लिए समयसीमा बढ़ाई
अमेरिका ने पांच दिन के लिए टाले ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमले, होर्मुज के लिए समयसीमा बढ़ाई
दुबई, 23 मार्च (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए दी गई समयसीमा सोमवार को बढ़ा दी और कहा कि अमेरिका पांच दिन के लिए ईरानी बिजली संयंत्रों पर हमले टाल रहा है।
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ साइट पर युद्ध के समाधान की संभावना भी जताई। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने बातचीत होने से इनकार किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के रुख में आए बदलाव से अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध का कुछ समाधान निकलने की उम्मीद जगी है।
बाद में, ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि ईरान ‘‘समझौता करना चाहता है’’। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी दूत एक ‘‘सम्मानित’’ ईरानी नेता के साथ बातचीत कर रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पश्चिम एशिया के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके (ट्रंप के) दामाद जेरेड कुशनर ने रविवार शाम तक बातचीत की तथा वार्ता जारी रहेगी।
ट्रंप ने तेहरान का प्रतिनिधित्व करने वाले किसी भी अधिकारी का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई से बात नहीं की है।
ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान के साथ कोई समझौता हो जाता है, तो अमेरिका ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण संवर्धित यूरेनियम को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई करेगा।
सोशल मीडिया पर ट्रंप की घोषणा के ठीक बाद ईरानी सरकारी टेलीविजन ने कहा, ‘‘ईरान की कड़ी चेतावनी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति पीछे हटे।’’
युद्ध चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। इस संघर्ष में 2,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, वैश्विक अर्थव्यवस्था हिल गई है, तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और दुनिया के कुछ सबसे व्यस्त हवाई मार्गों को खतरा पैदा हो गया है।
ईरान ने कहा था कि वह पूरे पश्चिम एशिया में बिजली संयंत्रों को निशाना बनाएगा। वहीं ट्रंप ने कहा था कि महत्वपूर्ण जलमार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले जाने पर अमेरिका, ईरान में ऊर्जा संयंत्रों पर हमले करेगा।
लेकिन, सोमवार सुबह ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच ‘‘बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत’’ हुई है, जिससे युद्ध का ‘‘पूर्ण और निर्णायक समाधान’’ निकल सकता है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि बातचीत ‘‘पूरे सप्ताह’’ जारी रहेगी।
ट्रंप ने कहा कि बिजली संयंत्रों पर हमला करने की उनकी धमकी को स्थगित करना ‘‘जारी बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर है।’’
इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि उन्होंने तुर्किये के अपने समकक्ष हाकान फिदान से फोन पर बात की। ईरान और अमेरिका के बीच वार्ताओं में तुर्किये पहले भी मध्यस्थ की भूमिका निभा चुका है।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बताया कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ईरान की ओर से हो रही गोलाबारी को रोकने का प्रयास कर रही है।
इजराइल ने ईरानी राजधानी पर फिर से हमले शुरू किए हैं। दोपहर के समय कई जगहों पर विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि किन-किन जगहों को निशाना बनाया गया।
इजराइल ने लेबनान में ईरान से जुड़े हिजबुल्ला आतंकवादी समूह को भी निशाना बनाया है, जबकि इस समूह ने इजराइल पर सैकड़ों रॉकेट दागे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इजराइली हमलों में लेबनान में 1,000 से अधिक लोग मारे गए हैं और 10 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमलों में मरने वालों की संख्या 1,500 से अधिक हो गई है। वहीं, इजराइल में ईरानी हमलों में 15 लोग मारे गए हैं। कब्जे वाले वेस्ट बैंक और अरब देशों में कम से कम 13 अमेरिकी सैन्यकर्मी और एक दर्जन से अधिक नागरिक मारे गए हैं।
एपी आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


