जेलेंस्की ने रणनीतिक संबंध बनाने के लिए खाड़ी के अरब देशों का दौरा किया
जेलेंस्की ने रणनीतिक संबंध बनाने के लिए खाड़ी के अरब देशों का दौरा किया
कीव, 28 मार्च (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को ड्रोन रक्षा पर चर्चा करने और रणनीतिक संबंध बनाने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और कतर का दौरा किया।
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन पहले ही सऊदी अरब और कतर के साथ 10 साल के सुरक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर कर चुका है, और उसे उम्मीद है कि वह जल्द ही संयुक्त अरब अमीरात के साथ भी इसी तरह के समझौते को अंतिम रूप दे देगा।
जेलेंस्की ने पिछले सप्ताह कहा था कि यूक्रेन इस बात पर विचार कर रहा है कि क्या वह होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा बहाल करने में भूमिका निभा सकता है।
जेलेंस्की और यूएई के उनके समकक्ष मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा करने के लिए बैठक हुई।
बाद में जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह कतर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वास्तविक सुरक्षा साझेदारी पर आधारित है, हम सभी का सम्मान करते हैं और इस लक्ष्य के लिए मिलकर काम करने को तैयार सभी लोगों का समर्थन करने के लिए तत्पर हैं।’’
पश्चिम एशिया में युद्ध 28 फरवरी को उस समय शुरू हुआ था जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर संयुक्त हमले किये थे।
इस्लामी गणराज्य ने इजराइल और खाड़ी अरब देशों पर हमले करके और होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी करके जवाबी कार्रवाई की।
जेलेंस्की ने कहा, ‘‘उन्होंने अमीरात में सुरक्षा स्थिति, ईरानी हमलों और होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी पर चर्चा की, जो वैश्विक तेल बाजार को सीधे प्रभावित करती है’’।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि उनकी सरकार पश्चिम एशियाई देशों के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक संबंध बनाने की कोशिश कर रही है, जिसमें संयुक्त उत्पादन, निवेश, ऊर्जा सहयोग और युद्धक्षेत्र के अनुभवों को साझा करना शामिल है।
एपी
देवेंद्र संतोष
संतोष

Facebook


