सारण में ‘ऑर्केस्ट्रा’ दलों से 28 नाबालिग लड़कियां मुक्त करायी गयीं, छह गिरफ्तार
सारण में ‘ऑर्केस्ट्रा’ दलों से 28 नाबालिग लड़कियां मुक्त करायी गयीं, छह गिरफ्तार
पटना, 14 मई (भाषा) बिहार के सारण जिले में विभिन्न स्थानों पर छापा मारकर पुलिस ने ‘ऑर्केस्ट्रा’ दलों में जबरन नाचने और शोषण का शिकार बनाई गईं 28 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन नाबालिग लड़कियों में 15 पश्चिम बंगाल की, पांच छत्तीसगढ़ की, चार असम की तथा दो-दो उत्तर प्रदेश और बिहार की निवासी हैं तथा पुलिस ने इस सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को तरैया, कोपा और इसुआपुर क्षेत्रों में छापेमारी के दौरान नौ नाबालिग लड़कियों को बचाया गया, जबकि 12 मई को सारण जिले के विभिन्न इलाकों से 19 लड़कियों को मुक्त कराया गया था।
जिला पुलिस के बयान में कहा गया है, “विशेष सूचना के आधार पर जिला पुलिस और एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के सदस्यों ने मंगलवार और बुधवार को सारण जिले के विभिन्न स्थानों पर संयुक्त रूप से छापेमारी की तथा ऑर्केस्ट्रा दलों में शोषण एवं जबरन नाचने के लिए मजबूर की जा रही 28 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया।”
बयान में कहा गया कि इस मामले में विभिन्न ‘ऑर्केस्ट्रा’ दलों से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस अपराध में संलिप्त अन्य ‘ऑर्केस्ट्रा’ संचालकों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


