सिवान में राजद विधायक ओसामा साहब पर भूमि कब्जाने का आरोप में मामला दर्ज, छापेमारी
सिवान में राजद विधायक ओसामा साहब पर भूमि कब्जाने का आरोप में मामला दर्ज, छापेमारी
पटना, चार मई (भाषा) बिहार के सिवान जिले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक ओसामा साहब के खिलाफ कथित रूप से भूमि कब्जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सारण रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) निलेश कुमार ने बताया कि विधायक के आवास पर छापेमारी की गई लेकिन उस समय वह अपने आवास पर मौजूद नहीं थे।
कुमार ने कहा कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘महादेवा ओपी में ओसामा के खिलाफ एक चिकित्सक की जमीन को बल प्रयोग के जरिए कब्जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।”
कुमार ने बताया कि पुलिस ने विस्तृत जांच और सक्षम न्यायालय से वारंट प्राप्त करने के बाद छापेमारी की।
डीआईजी ने चेतावनी दी कि गरीबों या वैध जमीन मालिकों की जमीन कब्जाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ऐसे लोगों की सूची भी तैयार कर ली है।
उल्लेखनीय है कि ओसामा साहब दिवंगत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के पुत्र हैं।
भाषा कैलाश
संतोष
संतोष

Facebook


