पटना, 16 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय दौरे पर चुनावी राज्य बिहार पहुंचे, जहां वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन से जुड़ी बैठकें करेंगे, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे और कई जन सभाओं को संबोधित करेंगे। यह जानकारी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने दी।
भाजपा की बिहार इकाई के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाह का स्वागत किया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री बृहस्पतिवार देर शाम भाजपा के संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और शुक्रवार को तरैया तथा अमनौर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं संबोधित करेंगे।
इसके अलावा, वह शुक्रवार को ही पटना के ज्ञान भवन में बुद्धिजीवियों की एक बैठक को भी संबोधित करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि शाह अपने बिहार प्रवास के दौरान भाजपा के कुछ उम्मीदवारों के नामांकन रैली में भी शामिल हो सकते हैं।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “अगले चार दिन में राज्य की सभी 243 विधानसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। गृह मंत्री सभी पार्टी नेताओं को राजग सहयोगियों के साथ बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश देंगे।”
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री समेत भाजपा के कई शीर्ष नेता बिहार आएंगे ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान राजग उम्मीदवारों का मनोबल बढ़ाया जा सके।
भाजपा नेता ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी राज्य में चुनावी रैलियां करेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी
भाषा कैलाश खारी
खारी