वाशिंगटन, 21 अगस्त (भाषा) अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य एवं भारतीय नागरिक कमल की तलाश कर रही है। कमल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
एफबीआई ने बृहस्पतिवार को कहा कि कमल की तलाश एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन में कथित तौर पर शामिल होने के लिए की जा रही है, जो जबरन वसूली के जरिए व्यापारिक गतिविधियों में हस्तक्षेप करने की साजिश में लिप्त था।
संघीय एजेंसी ने कहा, ‘‘लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह की शुरुआत भारत के पंजाब राज्य से हुई और यह कैलिफोर्निया समेत अन्य स्थानों पर सक्रिय रहा।’’
एफबीआई के अनुसार, कमल के खिलाफ कैलिफोर्निया की एक अदालत ने संघीय गिरफ्तारी वारंट एक जुलाई को जारी किया था। उसे जबरन वसूली के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों में हस्तक्षेप करने की साजिश के आरोप में नामजद किया गया है।
एफबीआई की ओर से जारी सूचना में कहा गया है, ‘‘अगर आपके पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी है तो अपने स्थानीय एफबीआई कार्यालय, नजदीकी अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करें या ऑनलाइन माध्यम से भी सूचना दे सकते हैं।’’
एफबीआई ने संगठित अपराध के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है और पिछले कुछ महीनों में बिश्नोई तथा जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
भाषा शोभना सिम्मी
सिम्मी