बिहार : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान

Ads

बिहार : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 10:16 AM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 10:16 AM IST

पटना, 30 जुलाई (भाषा) बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में मतदान धीमी गति से जारी है और निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह नौ बजे तक 3.80 लाख पात्र मतदाताओं में से 4.61 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सुबह नौ बजे तक मतदान करने वालों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सी. पी. ठाकुर, उनके पुत्र और नवादा से सांसद एवं भाजपा नेता विवेक ठाकुर, उनके परिवार के अन्य सदस्य तथा बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव प्रमुख रहे।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ साझा कर लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की और कहा कि वे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

उन्होंने लिखा, ‘‘मैं बांकीपुर, मंझलपुर और दतिया विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदाताओं, विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें।’’

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी लोगों से घरों से निकलकर जल्द से जल्द मतदान करने तथा बांकीपुर के विकास के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

इस बीच, जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि बिहार पुलिस ने सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर उनके कई समर्थकों को हिरासत में लिया है क्योंकि भाजपा को बांकीपुर उपचुनाव में हार का डर सता रहा है।

प्रशांत किशोर ने बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात जक्कनपुर थाना पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात भी की।

भाषा कैलाश सिम्मी

सिम्मी