पटना, 15 सितंबर (भाषा) बिहार सरकार ने नेपाल में हाल में आई विनाशकारी बाढ़ में लापता प्रदेश के लोगों की पहचान में सहायता के लिए उनके परिजनों के डीएनए नमूने एकत्र करने और उनकी जांच की व्यवस्था की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गृह विभाग ने बताया कि बिहार में रहने वाले लापता लोगों के परिजन अपने स्थानीय थाने या जिला प्रशासन के माध्यम से डीएनए नमूने दे सकते हैं ताकि लापता व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
राज्य सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा नमूने जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी देने का निर्देश दिया गया।
विभाग ने बताया कि डीएनए नमूनों की जांच पटना स्थित फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में कराई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए लोग कार्यालय समय में संपर्क कर सकते हैं।
नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट 26 अगस्त को आई आकस्मिक बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों व गांवों में भारी तबाही मचाई थी।
हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में बाढ़ का पानी आने से मकान, वाहन, सड़कें और पुल बह गए तथा कई जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र