बिहार चुनाव : भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस, राजद के बागी विधायक

Ads

बिहार चुनाव : भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस, राजद के बागी विधायक

  •  
  • Publish Date - October 13, 2025 / 07:57 PM IST,
    Updated On - October 13, 2025 / 07:57 PM IST

पटना, 13 अक्टूबर (भाषा) बिहार में सोमवार को महागठबंधन के दो बागी विधायक भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने पिछला विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के टिकट पर जीता था, लेकिन 2024 में जद(यू) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में लौटने के बाद से वे दोनों विधानसभा में राजग विधायकों के साथ बैठते रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मोहनिया सीट से राजद उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल करने वाली संगीता कुमारी और बिक्रम से दो बार के कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ सौरव का पार्टी में स्वागत किया।

जायसवाल ने कहा, “मैंने हाल में कहा था कि महागठबंधन के करीब आधा दर्जन विधायक भाजपा में शामिल होने वाले हैं। आज इसकी पहली किस्त पूरी हुई।”

उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 में भाजपा के साथ मिलकर नयी सरकार बनाने और विश्वास मत हासिल करने के बाद राजद के चार और कांग्रेस के दो विधायकों ने राजग का दामन थाम लिया था। इन विधायकों की अयोग्यता संबंधी याचिकाएं अब भी विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव के समक्ष लंबित हैं।

भाजपा ने इस मौके पर पूर्व सांसद सुनील कुमार पिंटू को भी दोबारा पार्टी में शामिल किया। पिंटू 2019 में जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए थे। पिंटू, जो पहले सीतामढ़ी से विधायक रह चुके हैं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीत जद(यू) से नाराज थे क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी जगह देवेश चंद्र ठाकुर को टिकट दिया गया था।

इसके अलावा, भाजपा में सुजीत कुमार सिंह भी शामिल हुए, जो गौरा बौराम की विधायक स्वर्णा सिंह के पति हैं। सुजीत कुमार भारतीय राजस्व सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके हैं। स्वर्णा सिंह 2020 में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर जीती थीं, लेकिन पार्टी संस्थापक मुकेश सहनी के राजग से नाता तोड़ने के बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी जल्द ही कांग्रेस और राजद के शेष बागी विधायकों के भी शामिल होने की उम्मीद कर रही है, जिनमें से कुछ पहले ही विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं।

भाषा कैलाश

सुभाष

सुभाष