पटना, 11 सितंबर (भाषा) केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने बिहार में कोसी-मेची अंतर-राज्यीय नदी लिंक परियोजना से लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों का बृहस्पतिवार को हवाई सर्वेक्षण किया।
कोसी-मेची अंतर-राज्यीय नदी लिंक परियोजना, मौजूदा पूर्वी कोसी मुख्य नहर (ईकेएमसी) का पुनर्निर्माण करके बिहार में महानंदा बेसिन तक सिंचाई का विस्तार करने के लिए 2,050 मिलियन क्यूबिक मीटर अधिशेष कोसी जल को मोड़ देगी।
मेची महानंदा नदी की एक सहायक नदी है। हालांकि, इसके बेसिन में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में अभी भी काफी कमी है।
कोसी के अतिरिक्त पानी को मेची नदी में प्रवाहित करने से सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में महानंदा बेसिन में सिंचाई सुविधाओं का बेहतर उपयोग होगा।
राज्य जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, हवाई सर्वेक्षण के दौरान पाटिल के साथ केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी और राज्य के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे।
बयान में कहा गया है कि उम्मीद है कि चार दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूर्णिया यात्रा के दौरान इस परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया जिले में एक नव विकसित हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और लगभग 45,000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
भाषा
कैलाश, रवि कांत रवि कांत