पटना, 13 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई ने सोमवार को कांग्रेस पर अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से राज्य की राजग सरकार के खिलाफ ‘‘आपत्तिजनक पोस्ट’’ साझा करने का आरोप लगाते हुए बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।
भाजपा की राज्य इकाई की विधि प्रकोष्ठ के प्रमुख बिंध्यांचल राय द्वारा दी गई लिखित शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस की यह हरकत आचार संहिता का उल्लंघन है।उन्होंने विपक्षी पार्टी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से शाम सात बजे एक पोस्टर साझा किया। इस पोस्टर में बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासन को नकारात्मक रूप में दिखाया गया है और इसे ‘गुंडाराज’ कहा गया है। पोस्ट में प्रयुक्त ‘गुंडा’ शब्द अपमानजनक है।’’
भाजपा की ओर से कहा गया कि कांग्रेस का यह पोस्ट बिहार का अपमान करने और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार को बदनाम करने का प्रयास है।
शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस द्वारा साझा किया गया यह पोस्ट न केवल आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है बल्कि यह बिहार के मतदाताओं को प्रभावित कर सकता है।
भाषा कैलाश धीरज
धीरज