बिहार: स्नातकोत्तर परीक्षा में असफल होने पर चिकित्सक ने गोली मारकर आत्महत्या की

बिहार: स्नातकोत्तर परीक्षा में असफल होने पर चिकित्सक ने गोली मारकर आत्महत्या की

बिहार: स्नातकोत्तर परीक्षा में असफल होने पर चिकित्सक ने गोली मारकर आत्महत्या की
Modified Date: September 6, 2025 / 06:59 pm IST
Published Date: September 6, 2025 6:59 pm IST

मुजफ्फरपुर, छह सितंबर (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक चिकित्सक ने स्नातकोत्तर (पीजी) चिकित्सा परीक्षा में असफल होने के बाद अपने घर पर कथित रूप से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात को काजी मोहम्मदपुर थानाक्षेत्र की जैतपुर स्टेट कॉलोनी में हुई।

पुलिस ने बताया कि चिकित्सक ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारी।

मुजफ्फरपुर (नगर) के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान डॉ. आशुतोष चंद्रा के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतक के परिजनों के अनुसार, डॉ. चंद्रा हाल ही में घोषित हुए स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा परिणाम में असफल रहने से तनाव में थे और कुछ दिन पहले ही उन्होंने मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में नौकरी शुरू की थी।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम को अस्पताल से लौटने के बाद डॉ. चंद्रा ने अपनी मां व दादी के साथ खाना खाया और फिर पढ़ाई करने के लिए घर की तीसरी मंजिल पर कमरे में चले गए, जिसके बाद उन्होंने खुद को गोली मार ली।

अधिकारी ने बताया कि चिकित्सक के कमरे से बंदूक बरामद कर ली गई है लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

उन्होंने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में