बिहार सरकार सभी जिला अस्पतालों को सुपर-स्पेशलिटी अस्पतालों में परिवर्तित करेगी: मंत्री

बिहार सरकार सभी जिला अस्पतालों को सुपर-स्पेशलिटी अस्पतालों में परिवर्तित करेगी: मंत्री

बिहार सरकार सभी जिला अस्पतालों को सुपर-स्पेशलिटी अस्पतालों में परिवर्तित करेगी: मंत्री
Modified Date: February 16, 2026 / 10:55 pm IST
Published Date: February 16, 2026 10:55 pm IST

पटना, 16 फरवरी (भाषा) बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने आने वाले वर्षों में राज्य के सभी जिला अस्पतालों को सुपर-स्पेशलिटी केंद्र में बदलने का फैसला किया है।

वर्ष 2026-27 के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रस्तावित 21,270.41 करोड़ रुपये के बजट पर बहस का समापन करते हुए पांडे ने कहा, ‘सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से, राजग सरकार ने सभी 36 जिला अस्पतालों को सुपर-स्पेशलिटी अस्पतालों में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। विभाग सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को भी स्पेशलिटी अस्पतालों में उन्नत करेगा।’

सदन ने विभाग के बजट को ध्वनि मत से पारित कर दिया, हालांकि विपक्ष के सभी सदस्य सदन से यह कहते हुए बाहर चले गए कि वे सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के ‘सात निश्चय-3: सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य किफायती और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इस पहल में उन्नत चिकित्सा सेवाओं को जोड़ना और विशेषज्ञों की तैनाती भी शामिल है।’’

वर्ष 2025 से 2030 तक लागू किए जा रहे सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत राज्य का उद्देश्य देश के सबसे विकसित राज्यों में अपनी पहचान बनाना है। कार्यक्रम का उद्देश्य ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’, नागरिकों की कठिनाइयों को कम करना और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है।

भाषा आशीष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में