बिहार: जदयू ने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया, चार वर्तमान विधायकों के टिकट कटने की संभावना

बिहार: जदयू ने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया, चार वर्तमान विधायकों के टिकट कटने की संभावना

बिहार: जदयू ने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया, चार वर्तमान विधायकों के टिकट कटने की संभावना
Modified Date: October 12, 2025 / 12:42 pm IST
Published Date: October 12, 2025 12:42 pm IST

(प्रमोद कुमार)

पटना, 12 अक्टूबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) आगामी विधानसभा चुनाव में जिन सीट पर चुनाव लड़ेगी, उनके उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है और चार वर्तमान विधायकों के टिकट काटे जाने की संभावना है। यह जानकारी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने दी।

वरिष्ठ जदयू नेता ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर कहा कि पार्टी राज्य की 243 विधानसभा सीट में से लगभग 103 सीट पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि, इसका औपचारिक ऐलान ‘‘उपयुक्त समय पर’’ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के वरिष्ठ नेताओं द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘जिन सीट पर पार्टी चुनाव लड़ेगी, उनकी पहचान कर ली गई है और उम्मीदवारों का चयन भी हो चुका है। खराब प्रदर्शन करने वाले चार मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरे उतारे जाएंगे। खगड़िया जिले की परबत्ता सीट से हमारे विधायक संजीव कुमार हाल में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए हैं, वहां भी नया उम्मीदवार उतारा जाएगा। इसी तरह रूपौली सीट से हमारी पूर्व विधायक बीमा भारती विपक्षी दलों के साथ चली गई हैं, वहां भी नया चेहरा मैदान में उतरेगा।’’

पार्टी नेता के अनुसार, जिन चार विधायकों के टिकट काटे जाएंगे, वे भागलपुर, नवादा और बांका जिलों की सीट से हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित क्षेत्रों के मतदाताओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर ये निर्णय लिए गए हैं। पार्टी नेतृत्व पहले ही स्पष्ट कर चुका था कि जो विधायक अपने क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे, उन्हें इस बार टिकट नहीं दिया जाएगा।’’

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी चुनाव में लगभग 102 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से पहले लगभग 20 से 22 सीट पर समझौता हुआ था, लेकिन अब वह अधिक सीट की मांग कर रही है। राजग के अन्य घटक हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को भी ‘‘सम्मानजनक संख्या’’ में सीट दिए जाने की संभावना है।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने हाल में कहा था कि वह ‘‘कोई दावा नहीं कर रहे हैं, बल्कि अनुरोध कर रहे हैं’’ कि उन्हें सम्मानजनक संख्या में सीटें दी जाएं, अन्यथा पार्टी चुनाव नहीं लड़ने पर भी विचार कर सकती है।

भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘राजग में सब कुछ ठीक है… सीट बंटवारे और उम्मीदवारों की सूची पर अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व एक-दो दिनों में करेगा। इस संबंध में औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी।’’

बिहार विधानसभा चुनाव छह और 11 नवंबर को दो चरणों में होंगे, जबकि मतों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।

भाषा कैलाश शोभना सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में