नेता प्रतिपक्ष के रूप में यादव को सरकारी नीतियों के खिलाफ और ज्यादा विरोध करना चाहिए: प्रशांत किशोर
नेता प्रतिपक्ष के रूप में यादव को सरकारी नीतियों के खिलाफ और ज्यादा विरोध करना चाहिए: प्रशांत किशोर
पटना, 19 अगस्त (भाषा) जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को कहा कि तेजस्वी यादव का लोक भवन मार्च नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनकी भूमिका के अनुरूप है तथा उन्हें सरकार की नीतियों के खिलाफ और ज्यादा विरोध-प्रदर्शन करना चाहिए।
बिहार में नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हाल में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के विरोध में लोक भवन की ओर मार्च का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया वक्त करते हुए किशोर ने कहा, ‘‘वह (तेजस्वी) नेता प्रतिपक्ष हैं और सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करना उनका काम है। वह कभी-कभार ऐसा करते हैं, लेकिन उन्हें अधिक बार प्रदर्शन करना चाहिए।’’
इस महीने के शुरुआत में बांकीपुर से विधायक चुने गए किशोर ने कहा कि उनकी जीत ने राज्य के विमर्श को मुठभेड़ों और मुफ्त खाद्यान्न से हटाकर रोजगार और शिक्षा की ओर मोड़ दिया है।
किशोर ने कहा, ‘बांकीपुर उपचुनाव के बाद चीजें बदली हैं। चाहे सरकार हो या विपक्ष, वे अब रोजगार और शिक्षा की बात कर रहे हैं। यही हम चाहते थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब मुठभेड़ या हरे गमछे वाले लोगों को निशाना बनाने की बात नहीं कर रहे हैं।’
बांकीपुर विधायक ने कहा कि बिहार के लोगों को यह समझने की जरूरत है कि अगर वे शिक्षा और रोजगार के लिए वोट देंगे, तो सत्ताधारी दल उनके बच्चों की शिक्षा और नौकरियों पर ध्यान केंद्रित करेगा, और विपक्ष भी इसकी मांग को लेकर सड़कों पर उतरेगा।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


