बिहार: शराब पीने के आरोप में पकड़े गए व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत, परिजनों का हंगमा
बिहार: शराब पीने के आरोप में पकड़े गए व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत, परिजनों का हंगमा
अरवल, 14 जुलाई (भाषा) बिहार के अरवल जिले में शराब पीने के आरोप में हिरासत में लिए गए 46 वर्षीय एक व्यक्ति की मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना मंगलवार सुबह अरवल उत्पाद थाने में हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जिले के रामपुर चौरम थाना क्षेत्र के निवासी अनिल कुमार (46) के रूप में हुई है।
अरवल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार संजय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उत्पाद विभाग की टीम ने शराब पीने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें से एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी पिटाई की थी।
परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अधिकारी ने बताया, ‘‘शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।’’
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


