बिहार: नीतीश और निशांत पहली बार जदयू के पार्टी कार्यक्रम में साथ दिखे
बिहार: नीतीश और निशांत पहली बार जदयू के पार्टी कार्यक्रम में साथ दिखे
पटना, 18 सितंबर (भाषा) बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार तथा उनके उत्तराधिकारी माने जा रहे निशांत कुमार (नीतीश के पुत्र) शुक्रवार को पहली बार पार्टी के एक आधिकारिक कार्यक्रम में साथ नजर आए।
इस कार्यक्रम में सांसदों और विधायकों के लिए सार्वजनिक जीवन से जुड़ा एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
नीतीश कुमार ने इसी वर्ष अप्रैल में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन पार्टी अध्यक्ष का पद अपने पास बरकरार रखा है।
उन्होंने जदयू कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित इस एक दिवसीय ‘ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का उद्घाटन किया, जिसका संचालन ‘पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च’ द्वारा किया जाएगा।
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बनी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राज्य सरकार में 44 वर्षीय निशांत कुमार मंत्री हैं। निशांत उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थे जिन्होंने नीतीश कुमार के साथ मंच साझा किया। दोनों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पिता-पुत्र के समर्थन में नारे लगाए।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विधायिका के दोनों सदनों के सदस्यों को बहस एवं चर्चाओं में अधिक प्रभावी भागीदारी के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम से पहले मीडिया के एक वर्ग में ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि बैठक में पार्टी का नाम बदलकर ‘जदयू-नीतीश’ करने तथा निशांत कुमार को उनके पिता की जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने जैसे बड़े फैसलों की घोषणा हो सकती है।
हालांकि, राजीव रंजन प्रसाद ने स्पष्ट किया कि फिलहाल नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, जो जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं, ने कहा कि पार्टी का नाम बदलने का प्रस्ताव केवल राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठकों में ही लाया जा सकता है।
भाषा कैलाश
मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


