बिहार के हर थाने में गांधी जयंती तक ‘चाइल्ड हेल्प डेस्क’ स्थापित की जाएगी
बिहार के हर थाने में गांधी जयंती तक ‘चाइल्ड हेल्प डेस्क’ स्थापित की जाएगी
पटना, 17 सितंबर (भाषा) बिहार पुलिस ने राज्य के सभी थानों में गांधी जयंती (दो अक्टूबर) तक ‘चाइल्ड हेल्प डेस्क’ स्थापित करने का निर्णय लिया है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बाल-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह पहल बिहार पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 8(5) तथा राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गृह विभाग द्वारा की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चाइल्ड हेल्प डेस्क थाना परिसर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले और आसानी से पहुंच योग्य स्थान पर बनाया जाएगा तथा इसे लॉकअप से अलग रखा जाएगा।
बयान में कहा गया है कि डेस्क पर बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी (सीडब्ल्यूपीओ) और संबंधित जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी (डीसीपीओ) का नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
लड़कियों से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
प्रदर्शित संपर्क नंबर चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे और बच्चों तथा उनके अभिभावकों की शिकायतों एवं सहायता संबंधी अनुरोधों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा किया जाएगा।
बयान के अनुसार, इन हेल्प डेस्क की नियमित निगरानी पुलिस उपाधीक्षक, विशेष किशोर पुलिस इकाई के प्रभारी तथा अन्य वरिष्ठ जिला स्तरीय अधिकारी करेंगे। सभी जिलों को पांच अक्टूबर तक अनुपालन रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया है।
भाषा कैलाश
संतोष
संतोष

Facebook


