बिहार पुलिस ने पटना में प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया

बिहार पुलिस ने पटना में प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया

बिहार पुलिस ने पटना में प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया
Modified Date: September 10, 2025 / 10:08 pm IST
Published Date: September 10, 2025 10:08 pm IST

पटना, 10 सितंबर (भाषा) बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-3) के पूरक परिणाम जारी करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन दे रहे अभ्यर्थियों को हटाने के लिए पुलिस ने बुधवार को लाठीचार्ज किया।

इसके बाद कुछ देर के लिए प्रदेश भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) कार्यालय के बाहर अफरा-तफरी मच गई।

प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार और परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के खिलाफ नारेबाजी की।

लाठीचार्ज के बारे में पटना (मध्य) की एसपी दीक्षा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों से इलाका खाली करने का अनुरोध किया। प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित हो गया था। जब प्रदर्शनकारियों ने हटने से इनकार किया तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि लाठीचार्ज के कारण कई अभ्यर्थी घायल हुए हैं, हालांकि अधिकारियों ने इसका खंडन किया।

प्रदर्शन कर रहे पटना के अमन कुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने हमें आश्वासन दिया था कि इस मुद्दे पर बीपीएससी को एक पत्र भेजा गया है, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है।’’

बीपीएससी ने मार्च 2024 में टीआरई-3 परीक्षा आयोजित की थी और कुल 87,774 पदों की घोषणा की गई थी। हालांकि, अब तक करीब 51,000 उम्मीदवारों को ही नियुक्ति पत्र मिले हैं। कुमार ने दावा किया कि अधिकारियों ने पहले पूरक परिणाम का वादा किया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है।

भाषा कैलाश सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में