बांकीपुर में यातायात सुधार के लिए बनेगी तीन वर्षों की कार्ययोजना: प्रशांत किशोर

बांकीपुर में यातायात सुधार के लिए बनेगी तीन वर्षों की कार्ययोजना: प्रशांत किशोर

बांकीपुर में यातायात सुधार के लिए बनेगी तीन वर्षों की कार्ययोजना:  प्रशांत किशोर
Modified Date: August 18, 2026 / 10:22 pm IST
Published Date: August 18, 2026 10:22 pm IST

पटना, 18 अगस्त (भाषा) जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार से मंगलवार को मुलाकात के बाद कहा कि पटना, खासकर बांकीपुर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अगले तीन वर्षों की कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से बहु-विभागीय बैठक और कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

किशोर इसी महीने तीन अगस्त को बांकीपुर से विधायक निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एक अंतर-विभागीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बिहार में फिलहाल काम कर रही या काम कर सकने वाली सभी एजेंसियों, संगठनों और व्यक्तियों को एक साथ लाया जाएगा ताकि अगले तीन वर्षों में बांकीपुर समेत पटना में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए भविष्य की योजना तैयार की जा सके।’’

किशोर ने बताया कि डीजीपी के साथ बैठक के दौरान कुछ चिन्हित क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी वालों और फुटपाथ पर सामान बेचने वालों की पुलिसकर्मियों पर जबरन वसूली के आरोप से संबंधित शिकायतों पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि डीजीपी ने आश्वासन दिया है कि ऐसे स्थानों और शिकायतों की सूची सौंपे जाने के बाद तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

बांकीपुर से विधायक ने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के बढ़ते सेवन का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।

उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के प्रयासों के तहत सड़कों पर रहने वाले बच्चों के साथ काम करने के लिए एक योजना तैयार की जाएगी।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में