पटना, आठ मई (भाषा) बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई)-4 की अधिसूचना जारी करने में हो रही देरी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पटना पुलिस ने शुक्रवार को बल प्रयोग किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पटना के केंद्रीय पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीक्षा ने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया।’’
हालांकि, छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज भी किया।
बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई)-4 के बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पटना महाविद्यालय से विरोध मार्च निकाला था और वे डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ रहे थे, इसी दौरान गांधी मैदान के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
बिहार में बीपीएससी टीआरई-4 परीक्षा के माध्यम से 46 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की उम्मीद है, लेकिन परीक्षा की अधिसूचना अप्रैल 2026 की तय समयसीमा के बाद भी जारी नहीं हो सकी है।
भाषा कैलाश
मनीषा रंजन
रंजन