जन सुराज पार्टी ने बिहार में आगामी विधान परिषद के चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की घोषणा की

Ads

जन सुराज पार्टी ने बिहार में आगामी विधान परिषद के चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 01:19 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 01:19 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

पटना, 20 सितंबर (भाषा) जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार विधान परिषद की पांच सीट पर होने वाले चुनाव के लिए रविवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इन सीट पर जल्द चुनाव की घोषणा होने की संभावना है।

विधान परिषद की कुल आठ सीट के लिए चुनाव होना है, जिनमें चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं, जिनके सदस्यों का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा है।

किशोर ने संवाददाता सम्मेलन में पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इनमें अफाक अहमद भी शामिल हैं जो सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने छह साल पहले पूर्व चुनाव रणनीतिकार किशोर के समर्थन से यह सीट जीती थी। उस समय किशोर ने अपनी पार्टी का गठन नहीं किया था।

पिछले हफ्ते पार्टी में शामिल हुईं वकील और शिक्षाविद दिव्या ज्योति को पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट पर अभी जनता दल (यूनाइटेड) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार का कब्जा है।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एस पी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को भी मैदान में उतारा है।

यह चुनाव बिहार विधानसभा चुनाव से अलग होगा और इसमें करीब 30 जिलों में फैले चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीट शामिल होंगी। जेएसपी ने पहले कहा था कि वह संगठन के विस्तार की रणनीति के तहत सभी आठ सीट पर चुनाव लड़ेगी।

विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवारों का स्थानीय प्रभाव, स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के बीच उनकी साख और पार्टी संगठन की मजबूती अहम कारक माने जा रहे हैं।

भाषा सुरभि रंजन

रंजन