बिहार : पंचायत और शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर अब प्रखंड स्तर पर भी जन कल्याण शिविर का आयोजन

बिहार : पंचायत और शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर अब प्रखंड स्तर पर भी जन कल्याण शिविर का आयोजन

बिहार : पंचायत और शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर अब प्रखंड स्तर पर भी जन कल्याण शिविर का आयोजन
Modified Date: June 15, 2026 / 12:47 pm IST
Published Date: June 15, 2026 12:47 pm IST

पटना, 15 जून (भाषा) बिहार सरकार ने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायत और शहरी क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविरों की तर्ज पर अब राज्य के सभी 534 प्रखंडों में भी ‘प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर’ आयोजित करने का निर्णय लिया है।

राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने इस संबंध में शनिवार को सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी करके आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य सचिव के पत्र के अनुसार, ग्राम और नगर पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित होने वाले सहयोग शिविर पूर्ववत जारी रहेंगे। इसके अनुसार साथ ही 16 जून से 18 जून तक राज्य के सभी प्रखंडों में प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

पत्र में कहा गया है कि शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजना, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यू) और मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को शामिल किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक दिन शिविर समाप्त होने के बाद संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) उसी दिन शाम सात बजे तक गूगल फॉर्म के माध्यम से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराएंगे।

इस बीच, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने भी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर निर्देश दिया है कि 16 जून को पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों के साथ-साथ प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविरों का भी समानांतर आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित पत्रों में वर्णित सभी व्यवस्थाएं इन शिविरों में भी लागू की जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार पिछले महीने से सहयोग शिविरों का आयोजन कर रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर पहला सहयोग शिविर 19 मई को आयोजित किया गया था, जबकि इसके लगभग एक सप्ताह बाद नगर पंचायत स्तर पर भी ऐसे शिविर शुरू किए गए।

भाषा कैलाश मनीषा अमित

अमित


लेखक के बारे में