बिहार: तेजस्वी ने महंगाई-बेरोजगारी पर राजग सरकार को घेरा

बिहार: तेजस्वी ने महंगाई-बेरोजगारी पर राजग सरकार को घेरा

बिहार: तेजस्वी ने महंगाई-बेरोजगारी पर राजग सरकार को घेरा
Modified Date: June 30, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: June 30, 2026 10:07 pm IST

पटना, 30 जून (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को महंगाई, बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र तथा बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा।

यादव ने जारी एक बयान में आरोप लगाया कि सरकार की लचर व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता के कारण जमाखोरों व कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हैं, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि टमाटर, प्याज और आलू जैसी आवश्यक सब्जियों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।

यादव ने दावा किया कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से माल ढुलाई महंगी हुई है, जिसका असर अधिकांश उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों पर पड़ा है।

राजद नेता ने आरोप लगाया कि रसोई गैस (एलपीजी), दाल, आटा और खाद्य तेल जैसी आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

उन्होंने कहा कि बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है बल्कि जमाखोरी और कालाबाजारी के कारण कृत्रिम अभाव पैदा किया जा रहा है।

यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने में विफल रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बढ़ती बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है तथा सरकार की आर्थिक नीतियां आम लोगों के बजाय बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाली हैं।

यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है और इसके लिए केंद्री की नीतियां जिम्मेदार हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है और भ्रष्टाचार संस्थागत स्वरूप ले चुका है।

राजद नेता ने कहा कि महंगाई और आर्थिक समस्याओं से परेशान जनता में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन तेज करेगा।

भाषा कैलाश रवि कांत जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में