बिहार: तीन नए मंत्रियों ने अपने-अपने विभाग का कार्यभार संभाला

बिहार: तीन नए मंत्रियों ने अपने-अपने विभाग का कार्यभार संभाला

बिहार: तीन नए मंत्रियों ने अपने-अपने विभाग का कार्यभार संभाला
Modified Date: November 22, 2025 / 03:36 pm IST
Published Date: November 22, 2025 3:36 pm IST

पटना, 22 नवंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा विभागों का बंटवारा किए जाने के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और जनता दल (यूनाइटेड) के अशोक चौधरी समेत कई मंत्रियों ने अपने-अपने विभाग का कार्यभार संभाल लिया।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के दीपक प्रकाश ने भी पंचायती राज विभाग का कार्यभार संभाल लिया। वह न तो विधायक हैं और न ही विधान परिषद (एमएलसी) सदस्य हैं।

जायसवाल ने उद्योग विभाग के मंत्री के तौर पर और चौधरी ने ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री के तौर पर काम शुरू किया। जायसवाल और चौधरी दोनों ही राज्य में विधान परिषद सदस्य हैं।

जायसवाल ने पदभार संभालने के बाद कहा, “उद्योग विभाग अगले दस दिन में निवेश के लिए एक पूरी रूपरेखा लेकर आएगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का जोर बिहार को अगले पांच साल में पूरी तरह से विकसित राज्य बनाना है। युवाओं के लिए, हमारा जोर राज्य में नौकरी के अधिक से अधिक अवसर उत्पन्न करना है।’’

उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग राज्य में पलायन को रोकने की दिशा में काम करेगा।

चौधरी ने कहा कि ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री ग्रामीण संपर्क सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि पक्की सड़कें हर बस्ती तक पहुंचें।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि जारी सभी परियोजनाएं समय पर पूरी हों। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ने इस वर्ष जुलाई में ग्रामीण कार्य विभाग की 21,406.36 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की, जिससे राज्य में 11,346 सड़कों और 730 छोटे पुलों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।’’

चौधरी ने कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयावधि के भीतर पूरी की जाएंगी।

पंचायती राज विभाग का कार्यभार संभालने के बाद प्रकाश ने कहा, “विकेन्द्रीकरण की अपनी दृष्टि के तहत राज्य सरकार पंचायतों को आवश्यक शक्तियां और अधिकार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मंत्री ने कहा कि ऐसा कदम पंचायतों को “स्थानीय सरकार की सक्रिय इकाइयों के रूप में कार्य करने” में सक्षम बनाएगा और उन्हें “सशक्त, समावेशी, पारदर्शी और जवाबदेह संस्थाओं” में परिवर्तित करेगा। उन्होंने कहा, “गांवों को सशक्त बनाना ही पंचायती राज व्यवस्था का मूल उद्देश्य है और हम इसी दिशा में कार्य करेंगे।”

अन्य नए शामिल मंत्रियों के सोमवार को अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभालने की उम्मीद है।

जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को यहां एक भव्य समारोह में रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

कुमार (74) के साथ 26 मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। इनमें से 14 भारतीय जनता पार्टी से, आठ जनता दल (यूनाइटेड) से, दो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से, और एक-एक हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) से हैं।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में