बिहार: गंगा नदी में नहाते समय दो नाबालिगों की डूबने से मौत

बिहार: गंगा नदी में नहाते समय दो नाबालिगों की डूबने से मौत

बिहार: गंगा नदी में नहाते समय दो नाबालिगों की डूबने से मौत
Modified Date: March 22, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: March 22, 2026 10:29 pm IST

भागलपुर, 22 मार्च (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी में रविवार को नहाते समय दो नाबालिगों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम करीब साढ़े चार बजे अंतिचक थानाक्षेत्र के बटेश्वर स्थान पर घटी।

अंतिचक थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि मृतकों की पहचान पीरपैंती कस्बे के 16 वर्षीय कृष्ण कुमार और बखरपुर गांव के 15 वर्षीय आशीष कुमार के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि दोनों लड़के रिश्ते में आपस में भाई थे।

अधिकारी ने बताया, “ये लड़के अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे और नदी में नहाते समय डूब गए।”

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंतिम संस्कार के बाद दोनों लड़के बालू घाट स्थित नदी में स्नान करने गए थे और इस दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

अधिकारी ने बताया कि परिवारवालों के सूचना देने पर स्थानीय गोताखोरों और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने उनकी तलाश की और उन्हें नदी से बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि दोनों नाबालिगों को कहलगांव के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में