बिहार के मतदाताओं ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ आरोपों को खारिज किया: विनोद तावड़े
बिहार के मतदाताओं ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ आरोपों को खारिज किया: विनोद तावड़े
पटना, 14 नवंबर (भाषा) बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली प्रचंड जीत पर खुशी जताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को कहा कि बिहार की जनता ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ संबंधी दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
तावड़े ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार के मतदाताओं ने “सच और झूठ को अलग पहचानने की क्षमता दिखाते हुए” फर्जी दावों पर विश्वास नहीं किया।
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ आरोप को ही देख लीजिए। अगर किसी को पहले से पता था कि बिहार के चुनावी नतीजे कैसे आएंगे, तो वह राहुल गांधी थे। इसलिए वे दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन करके पहले से ही अपनी हार का बहाना बना रहे थे, मानो कहना चाह रहे हों कि हम हार गए क्योंकि वोट चोरी हो गए। लेकिन बिहार में वोट चोरी जैसी कोई बात थी ही नहीं।”
उन्होंने राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का जिक्र करते हुए कहा, “जिन लोगों के नाम हटाए गए, वे या तो डुप्लीकेट, फर्जी, बांग्लादेशी या अवैध घुसपैठिए थे।”
तावड़े ने कहा कि बिहार से रोजगार की तलाश में स्थायी रूप से बाहर बसे लोगों और अवैध घुसपैठियों दोनों को ही सूची से हटाया जाना स्वाभाविक था।
उन्होंने कहा, “इसीलिए बिहार के लोगों ने राहुल गांधी के आरोपों को ठुकरा दिया और कहा कि यह कोई मुद्दा ही नहीं था।”
भाषा कैलाश
जोहेब
जोहेब

Facebook


