बिहार: ‘लोक भवन’ मार्च के दौरान पुलिस के साथ झड़प के बाद अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया

बिहार: ‘लोक भवन’ मार्च के दौरान पुलिस के साथ झड़प के बाद अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया

बिहार: ‘लोक भवन’ मार्च के दौरान पुलिस के साथ झड़प के बाद अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया
Modified Date: August 22, 2026 / 05:08 pm IST
Published Date: August 22, 2026 5:08 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

पटना, 22 अगस्त (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को ‘लोक भवन’ तक मार्च के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद नौकरी के इच्छुक कई अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शनकारी पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर मार्च निकाल रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्हें आर-गोलंबर के पास बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेड तोड़ने की कोशिश करने पर झड़प हो गई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हटाने के लिए हल्के बल का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी ने कहा, ‘‘किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है।’’

प्रदर्शनकारी प्रोफेसर की नियुक्ति में यूजीसी के नियमों का पालन करने, अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने, बीपीएससी टीआरई-4 के लिए ‘सिंगल-टियर’ परीक्षा और हिंदी-माध्यम के उम्मीदवारों के लिए समान अवसर जैसी मांगें कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने चेतावनी दी कि अगर सरकार 24 अगस्त तक उनसे सार्थक बातचीत करने में विफल रहती है, तो वे 25 अगस्त को बिहार के मुख्यमंत्री के सरकारी आवास का घेराव करेंगे।

भाषा शफीक देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में