बिहार की नवाचारी पहलें देश के लिए मॉडल बन सकती हैं : डॉ. जितेंद्र सिंह
बिहार की नवाचारी पहलें देश के लिए मॉडल बन सकती हैं : डॉ. जितेंद्र सिंह
पटना, 11 सितंबर (भाषा) बिहार की राजधानी
पटना में बृहस्पतिवार से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत हुई। इसका आयोजन प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी), बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी और सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से किया गया।
इस सम्मेलन में देशभर से आए 200 से अधिक प्रतिनिधियों, जिलाधिकारियों, नीति-निर्माताओं और नवाचार करने वालों ने भाग लिया।
उद्घाटन सत्र में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बिहार सरकार और उसके अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार की नवाचारी पहलें, विशेषकर शिकायत निवारण और डिजिटल परिवर्तन, पूरे देश के लिए अनुकरणीय मॉडल बन सकती हैं।
उन्होंने जिलाधिकारियों की सक्रिय भूमिका को प्रशासन की रीढ़ बताते हुए उनकी सराहना की।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की विकास यात्रा को साझा किया। उन्होंने कहा कि कभी एक मरीन ड्राइव का सपना देखा गया था और आज बिहार में तीन और मरीन ड्राइव का निर्माण हो रहा है।
चौधरी ने कहा कि सड़क निर्माण में राज्य ने रूढ़ियों को तोड़ते हुए नयी मिसाल कायम की है। अब पटना से गया, दरभंगा और मुजफ्फरपुर की यात्रा कुछ घंटों में पूरी हो जाती है, जबकि पहले पूरा दिन लग जाता था। यही नया बिहार है, जो तेज़ और समावेशी भविष्य की ओर अग्रसर है।
भाषा
कैलाश
रवि कांत

Facebook


