बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के उतरने से भाजपा घबराई, प्रशांत किशोर का दावा

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के उतरने से भाजपा घबराई, प्रशांत किशोर का दावा

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के उतरने से भाजपा घबराई, प्रशांत किशोर का दावा
Modified Date: July 18, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: July 18, 2026 10:31 pm IST

पटना, 18 जुलाई (भाषा) बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ रहे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को दावा किया कि चुनावी मुकाबले में उनकी पार्टी के उतरने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘डर से कांप रही है’ और उसने इस सीट को बचाने के लिए अपने पूरे संगठन को झोंक दिया है।

चुनावी क्षेत्र में अपनी ‘पदयात्रा’ के दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए किशोर ने आरोप लगाया कि बांकीपुर में जन सुराज की सीमित सांगठनिक उपस्थिति होने के बावजूद भाजपा ने अपने इस ‘गढ़’ को बचाने के लिए हजारों कार्यकर्ताओं को तैनात कर दिया है।

उन्होंने दावा किया, ‘एक व्यक्ति खड़ा हुआ है और ऊपर से नीचे तक पूरी भाजपा डर से कांप रही है।’

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती तीन अगस्त को की जाएगी।

किशोर ने आरोप लगाया कि जो भाजपा नेता पहले इस क्षेत्र पर बहुत कम ध्यान देते थे, वे अब वोट मांगने के लिए घर-घर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘कल तक वे मानते थे कि चाहे किसी को भी मैदान में उतारें, वे जीत ही जाएंगे। आज उनके नेता और मंत्री हर वार्ड और हर घर का दौरा कर रहे हैं। यही लोकतंत्र की ताकत है।’

पूर्व चुनावी रणनीतिकार ने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य मतदाताओं को एक विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प प्रदान करना है।

उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि लोगों के पास एक विकल्प हो, ताकि कोई भी राजनीतिक दल केवल लालू प्रसाद का डर दिखाकर वोट मांगना जारी न रख सके। इस राजनीतिक संस्कृति का अंत होना चाहिए। लोगों को राजनीतिक बंधनों से खुद को मुक्त करना चाहिए और सही उम्मीदवार का चुनाव करना चाहिए।’

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में