बांकीपुर में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही भाजपा :प्रशांत किशोर
बांकीपुर में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही भाजपा :प्रशांत किशोर
पटना, 26 जुलाई (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही है, साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्वाचन आयोग इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करता है तो उनकी पार्टी आयोग के कार्यालय के बाहर धरना देगी।
बिहार में ‘जीविका दीदी’ राज्य सरकार की उस पहल से जुड़ी महिला सदस्यों को कहा जाता है, जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण करना है।
चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर पांच बार के विधायक रहे नितिन नवीन के इस्तीफे से रिक्त हुई बांकीपुर सीट पर जीत हासिल करने की कोशिश में हैं।
उन्होंने मांग की कि निर्वाचन आयोग यह स्पष्ट करे कि जीविका या किसी अन्य अर्द्ध-सरकारी संगठन से जुड़ी कोई भी महिला चुनाव संबंधी गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकती।
यहां संवाददाताओं से बातचीत में किशोर ने कहा, ‘‘भाजपा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही है। हमने यह मामला पहले ही निर्वाचन आयोग के समक्ष उठाया है। हमारी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रविवार को आयोग के प्रेक्षक से भी मुलाकात करेगा। हम इस मामले में कार्रवाई के लिए निर्वाचन आयोग को 24 घंटे का समय दे रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यदि निर्वाचन आयोग ने कार्रवाई नहीं की तो सोमवार से मैं और मेरी पार्टी के नेता यहां उसके कार्यालय के बाहर धरना देंगे।’’
किशोर ने कहा कि पटना जिला प्रशासन ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर पोस्ट किया है कि जीविका दीदियां लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरुक कर रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविकता यह है कि सरकार से आंशिक मानदेय प्राप्त करने वाली जीविका दीदियां बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जीविका दीदियों द्वारा धमकाया जा रहा है। उनसे कहा जा रहा है कि यदि उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया तो उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ बंद कर दिए जाएंगे।’’
किशोर ने कहा, ‘‘यह असंवैधानिक और गैरकानूनी है। भाजपा को यह बंद करना चाहिए और निर्वाचन आयोग को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।’’
भाजपा पर निशाना साधते हुए जन सुराज पार्टी के संस्थापक ने कहा, ‘‘अब लोग बदलाव चाहते हैं। इस बार वे भाजपा को उसके ही गढ़ में सबक सिखाएंगे। जनता की ताकत के सामने कोई ताकत टिक नहीं सकती।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा बांकीपुर विधानसभा सीट हार जाएगी। वह डींगें हांकती थी कि बांकीपुर से कुत्ते या बिल्ली को भी टिकट दे दे तो चुनाव जीत जाएगी। जनता ने इस अपमान का जवाब देने का फैसला कर लिया है।’’
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।
भाषा रवि कांत शोभना
शोभना

Facebook


