बिहार के मुजफ्फरपुर में नदी में नहाते समय डूबने से तीन बच्चों की मौत

बिहार के मुजफ्फरपुर में नदी में नहाते समय डूबने से तीन बच्चों की मौत

बिहार के मुजफ्फरपुर में नदी में नहाते समय डूबने से तीन बच्चों की मौत
Modified Date: July 26, 2026 / 01:01 am IST
Published Date: July 26, 2026 1:01 am IST

मुजफ्फरपुर, 25 जुलाई (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार को नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब एक बजे साहेबगंज थाना क्षेत्र में वैद्यनाथपुर रेलवे पुल के निकट हुई।

मृतकों की पहचान साहेबगंज के महावीर स्थान निवासी अमृत (14), साहिल (12) और रेहान (13) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों में से एक लड़का नदी में नहाने के लिए उतरा था और वह डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोनों लड़कों ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वे भी डूब गए।

सरैया की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभिजीत कौर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों में से दो बच्चे पूरी तरह कपड़े पहने हुए मिले हैं। हम सभी पहलुओं से घटना की जांच कर रहे हैं।’

स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और शोकसंतप्त परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में