सीबीआई ने नीट अभ्यर्थी की मौत की जांच के सिलसिले में जहानाबाद में उसके पैतृक गांव का दौरा किया

Ads

सीबीआई ने नीट अभ्यर्थी की मौत की जांच के सिलसिले में जहानाबाद में उसके पैतृक गांव का दौरा किया

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 05:37 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 05:37 PM IST

जहानाबाद, 15 फरवरी (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक टीम ने रविवार को बिहार के जहानाबाद में उस नीट अभ्यर्थी के पैतृक गांव का दौरा किया, जिसकी पिछले महीने पटना में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर राज्य में सियासी तूफान खड़ा हो गया है।

सीबीआई के 31 जनवरी को मामले की जांच औपचारिक रूप से अपने हाथ में लेने और प्राथमिकी दर्ज करने के कुछ दिनों बाद उसके अधिकारियों की एक टीम जहानाबाद में छात्रा के गांव पहुंची।

छात्रा छह जनवरी को पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित एक निजी छात्रावास में बेहोश अवस्था में मिली थी। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पांच दिन कोमा में रहने के बाद उसकी मौत हो गई थी।

छात्रा के परिवार ने उसके यौन उत्पीड़न का दावा करते हुए अधिकारियों पर मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले के सिलसिले में छात्रावास के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई के अधिकारी सुबह करीब नौ बजे गांव पहुंचे और घटना को लेकर मृतक छात्रा के परिवार के सदस्यों तथा पड़ोसियों से पूछताछ की।

अधिकारियों ने छात्रा के मकान की करीब तीन घंटे तक तलाशी ली और फिर दोपहर को लगभग एक बजे वहां से चले गए।

परिवार के सदस्यों और सीबीआई अधिकारियों दोनों ने ही इस दौरे के बारे में चुप्पी साधे रखी।

सूत्रों के मुताबिक, मृतक छात्रा की कुछ वस्तुओं को आगे की जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

शनिवार को मामले की जांच के तहत जांचकर्ताओं ने पटना स्थित निजी छात्रावास का भी दौरा किया था।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई के पटना पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) के निष्कर्षों की जांच करने की उम्मीद है, जिसने पहले डीएनए परीक्षण के लिए परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों सहित लगभग 30 व्यक्तियों से रक्त के नमूने एकत्र किए थे।

भाषा पारुल प्रशांत

प्रशांत